
डिजिटल डेस्क: अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां फेसबुक के माध्यम से हुई दोस्ती एक युवती के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई। एटा के एक युवक ने युवती को अपने जाल में फंसाया, उसके अश्लील वीडियो बनाए और फिर ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया।
मुकदमे में क्वार्सी क्षेत्र की पीड़िता युवती ने पुलिस को बताया कि लगभग एक साल पहले उसकी दोस्ती फेसबुक पर एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र निवासी राहुल राजपूत से हुई थी। जल्द ही उन्होंने एक-दूसरे को फ़ोन नंबर दिए और बातचीत शुरू हो गई। राहुल अधिकतर वीडियो कॉल करता था। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए राहुल ने अपनी तस्वीरें भेजीं, जिसके जवाब में युवती ने भी अपनी तस्वीरें साझा कीं।
बातचीत के दौरान, राहुल ने वीडियो कॉल का फायदा उठाकर युवती की कुछ अश्लील वीडियो बना लीं। इन वीडियो का उपयोग कर उसने युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। क्वार्सी के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के अनुसार, राहुल ने युवती को शादी का झांसा दिया और इस दौरान उससे दुष्कर्म किया। जब युवती ने आरोपी से बात करना बंद किया, तो राहुल ने धमकी दी कि अगर वह बात नहीं करेगीतो वह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देगा।
पीड़िता ने बताया कि जब उसका रिश्ता किसी और युवक से तय हो गया, तो आरोपी राहुल राजपूत ने अश्लील वीडियो युवती के होने वाले पति को भेज दिए। इस घिनौनी हरकत के कारण युवती का रिश्ता टूट गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल राजपूत को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया है।