
डिजिटल डेस्क: मेरठ के शताब्दीनगर सेक्टर-4C निवासी सतवीर, जो पशु डेरी चलाते हैं, की बेटी क्षमा की शादी सोमवार रात को थी। घर के सामने खाली मैदान में मंडप और टेंट लगाया गया था। रात लगभग 12 बजे जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें सभी स्वजन और रिश्तेदार व्यस्त थे। इसी दौरान किसी काम से सतवीर घर के अंदर गए। जैसे ही वे मकान के द्वितीय तल पर पहुंचे, उन्हें कमरे से हल्की आवाज सुनाई दी।
ऊपर जाकर देखा तो ढोल बजाने आए दो युवक घबराए हुए अवस्था में नीचे उतरने की कोशिश कर रहे थे। सतवीर को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन उन्होंने शोर मचा दिया। यह सुनते ही स्वजन और आसपास मौजूद लोग दौड़े और दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से 68 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, दो जोड़ी झुमके, कंगन, बिछुआ, पाजेब और चांदी की एक अंगूठी बरामद हुई।
जब स्वजन ऊपर पहुंचे तो पाया कि कमरे में रखी सेफ का ताला टूटा हुआ था और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। पकड़े गए दोनों युवकों की लोगों ने जमकर धुनाई की। इसी दौरान पता चला कि बाहर खड़ी दो कारों के शीशे भी टूटे हैं और उनमें रखे बैग गायब हैं। बाद में दोनों युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही बैग चोरी किए थे।
घटनास्थल से उनके अन्य साथी मौका पाकर फरार हो गए। लोगों ने उनकी तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। सूचना पर थाना परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पकड़े गए युवकों को अपने साथ थाने ले गई।
इंस्पेक्टर परतापुर सतवीर सिंह अत्री ने बताया कि दोनों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। फरार साथियों की पहचान और चोरी हुआ बाकी सामान बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ें- बारात से लौटते समय नदी में गिरी आल्टो कार, डूबने से पांच की मौत, ड्राइवर की हालत गंभीर