
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब श्मशान घाट पर दाह संस्कार की तैयारी के दौरान असली शव की जगह डमी बरामद हुई। शव लेकर आने वालों की कार से दो और डमी मिलने के बाद मामला और संदिग्ध हो गया। ऐसा होने पर पुलिस भी चौंक गई, जिसके बाद उसने कार और दो व्यक्तियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार दिल्ली के पालम क्षेत्र के निवासी कमल कुमार का करोल बाग में कपड़ों का कारोबार है। उनकी दुकान पर उड़ीसा निवासी लगभग 30 वर्षीय अंशुल लंबे समय से काम करता था। करीब छह दिन पहले अंशुल की तबीयत खराब होने पर कमल ने उसे पालम स्थित अंसारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई।
गुरुवार को कमल, आशीष और अन्य साथी अंशुल का अंतिम संस्कार करने ब्रजघाट पहुंचे थे। दाह संस्कार से पहले की रस्में पूरी करते समय अचानक यह सामने आया कि चिता पर रखा गया ‘शव’ असल में एक डमी है। इसके बाद साथ आए लोगों ने अस्पताल पर असली शव की जगह डमी थमाने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर ब्रजघाट पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और डमी के साथ-साथ कार को भी कब्जे में ले लिया।
कार की तलाशी में दो और डमी मिली हैं। ऐसे में मृतक अंशुल के वास्तविक शव को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल पुलिस कार, डमी और पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।