दशहरा का पर्व पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन रावण दहन करने की भी मान्यता है। इतना ही नहीं, जगह-जगह पर रामलीला का आयोजन किया जाता है।
ज्योतिष के मुताबिक, हर साल आश्विन माह में शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को दशहरा मनाया जाता है। बता दें कि लंकापति रावण का इसी दिन भगवान श्रीराम ने वध किया था।
दशहरे को विजयादशमी के नाम से भी जाना जाता है। गौर करने की बात है कि इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की जीत के जश्न में मनाया जाता है।
धार्मिक मान्यता के मुताबिक, दशहरे के दिन शस्त्र पूजा का भी विशेष महत्व होता है। रावण दहन के अलावा शस्त्र पूजा का भी शुभ मुहूर्त होता है।
इस साल अन्य त्योहारों की तरह दशहरा की तारीख को लेकर भी असमंजस की स्थिति है। आइए जान लेते हैं कि दशहरा किस दिन है और रावण दहन का सही समय क्या है।
पंचांग के मुताबिक, आश्विन माह में शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि की शुरुआत 23 अक्टूबर शाम 5 बजकर 44 मिनट से होगी और यह अगले दिन 3 बजकर 14 मिनट तक रहने वाली है।
उदया तिथि के अनुसार, विजयादशमी का पर्व 24 अक्टूबर 2023 को मनाया जाएगा। इसी दिन रावण दहन करने का भी शुभ मुहूर्त है।
ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, दशहरे के दिन प्रदोष काल में रावण दहन करना शुभ माना जाता है। विजयदशमी के दिन रावण दहन का शुभ मुहूर्त 5 बजकर 43 मिनट से शुरू होगा और इसके ढाई घंटे तक रावण दहन कर सकते हैं।