आजकल की बदलती लाइफस्टाइल और अधिक समय तक कंप्यूटर और लैपटॉप के सामने बैठे रहने से पीठ दर्द की शिकायत होती है। कई बार यह दर्द बर्दाश्त से बाहर होता है।
पीठ दर्द कई कारणों से होता है, इसकी मुख्य वजह गलत तरीके से बैठना, गलत एक्सरसाइज या फिर मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से भी दर्द हो सकता है।
वहीं इसके अलावा कुछ मेडिकल कंडीशन्स भी हो सकती हैं, किडनी स्टोन, साइटिका, गठिया और इंफेक्शन की शिकायत होने पर भी पीठ दर्द हो सकता है।
ऐसे में अगर आप लंबे समय से पीठ दर्द का सामना कर रहे हैं तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। इसके अलावा कुछ घरेलू उपाय भी कर सकते हैं।
आजकल की लाइफस्टाइल में अक्सर लोग फिजिकल एक्टिविटीज नहीं करते हैं, जिस वजह से सेहत से जुड़ी परेशानियां होती हैं। ऐसे में नियमित एक्सरसाइज करना बहुत जरूरी है। इससे पीठ दर्द में भी राहत मिलेगी।
वहीं स्ट्रेंचिंग करने से भी पीठ दर्द में राहत मिलती है। स्ट्रेचिंग करने से मांसपेशियों का तनाव कम होता है और शरीर फ्लेक्सिबल होता है। पीठ दर्द की शिकायत में स्ट्रेचिंग किसी ट्रेनर की देखरेख में करें।
अधिकतर लोग गलत तरीके से बैठते हैं और गलत तरीके से सोते हैं, इस वजह से भी पीठ दर्द की शिकायत होती है। इसलिए सही पोश्चर में बैठना और सोना चाहिए, इसके अलावा जब भी खड़े हों तो सीधे खड़े होने की कोशिश करें।
वहीं अगर पीठ में सूजन है तो इसे कम करने के लिए बर्फ से सिंकाई कर सकते हैं। अगर मांसपेशियों में दर्द अधिक है तो गर्म पानी से सिंकाई कर सकते हैं।
पीठ दर्द से छुटकारा पाना चाहते हैं तो इन टिप्स का पालन कर सकते हैं। लाइफस्टाइल और हेल्थ से जुड़ी ऐसी ही अन्य खबरों के लिए पढ़ते रहें naidunia.com