Chinese Spy Balloon: अमेरिका ने शनिवार को चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराया है। राष्ट्रपति जो बाइडेन के आदेश के बाद एक्शन लिया गया। समुद्र के ऊपर इस गुब्बारे को गिराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीनी गुब्बारा जब कैरोलिना तट पर पहुंचा तो उसे ढेर कर दिया गया। बता दें कि तीन दिनों से ये गुब्बारा यूएस के एयरस्पेस में देखा जा रहा था। अमेरिकी सेना गुब्बारे की गतिविधि पर नजर बनाए हुई थीं।
एंटनी ब्लिंकन की यात्रा स्थगित
शुक्रवार को अमेरिका के आकाश में तीन बसों के बराबर के आकार का गुब्बारा नजर आया था। चीनी जासूसी गुब्बारे के कारण दोनों देशों के बीच तनाव भी बढ़ गया है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने प्रस्तावित दो दिवसीय बीजिंग यात्रा को स्थगित कर दिया है। उन्होंने चीन पर अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
मोंटाना क्षेत्र में दिखा था गुब्बारा
इससे पहले गुरुवार को अमेरिका के मोंटाना क्षेत्र के आकाश में विशालकाय गुब्बारा उड़ते देखा गया था। कम आबादी वाले इस इलाके में यूएस का परमाणु मिसाइल परीक्षण क्षेत्र है। अमेरिका वहां पर अपनी उन्नत मिसाइलों के परीक्षण करता रहता है। विदेश मंत्री ब्लिकन ने कहा है कि अब पहला कार्य आकाश में उड़ रहे चीन के गुब्बारे की असलियत का पता लगाना है। उसे अमेरिका के आकाश से बाहर करना है। उन्होंने कहा कि चीन के गुब्बारे का यूएस के आकाश में आना संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
Posted By: Kushagra Valuskar