Pakistan News: पूर्व पीएम इमरान खान को लेकर पाकिस्तान में सियासी घमासान जारी है। ताजा खबर यह है कि सोमवार को लाहौर हाई कोर्ट में इमरान खान की पेशी हुई। इस दौरान उनके विरोधी और समर्थक आमने-सामने नजर आए। अच्छी बात यह रही कि हाई कोर्ट ने इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी को 23 मई तक अंतरिम जमानत दे दी।

आज का दिन तनावपूर्ण रहने की आशंका

पाकिस्तान के लिए सोमवार का दिन तनावपूर्ण हो सकता है क्योंकि इमरान खान अपनी गिरफ्तारी के बाद हुई हिंसक घटनाओं और सेना के कोर कमांडर का घर जलाए जाने के मामलों में लाहौर हाई कोर्ट में पेश हो सकते हैं। इसके अलावा गठबंधन सरकार में शामिल सबसे बड़ा राजनीतिक दल पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) सुप्रीम कोर्ट के बाहर विरोध रैली करने जा रहा है। इस दल के अध्यक्ष मौलाना फजलुर रहमान हैं।

इससे पहले इस्लामाबाद की अदालत के आदेश पर हिरासत से रिहा होने के बाद देश के नाम अपने पहले संबोधन में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार को देश की शक्तिशाली सेना पर बरसते हुए कहा कि उसे राजनीति में कूदने पर शर्म आनी चाहिए और वह अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी बना सकती है।

लाहौर स्थित अपने घर से लगभग एक घंटे के संबोधन में इमरान ने अपने विरुद्ध इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आइएसपीआर) के आरोपों पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की। उन्होंने कहा, "मैंने दुनियाभर में पाकिस्तान का झंडा ऊंचा रखा है। आइएसपीआर ने कभी ऐसा बयान नहीं दिया। आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए। आप राजनीति में कूद गए हैं। आप राजनीतिक दल क्यों नहीं बना लेते।

Posted By: Arvind Dubey