अचानकमार टाइगर रिजर्व में जमा हाथियों का दल, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
वन कर्मियों का दल कर रहा निगरानी
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Wed, 07 Sep 2022 05:52:40 PM (IST)
Updated Date: Wed, 07 Sep 2022 05:52:40 PM (IST)

बिलासपुर। अचानकमार टाइगर रिजर्व में घुसा हाथियों का दल जाने का नाम नहीं ले रहा है। बीते तीन दिनों से यह दल लमनी रेंज के अतरिया में डटा हुआ है। हालांकि एक किसान की फसल को नुकसान पहुंचाने के अलावा और कोई क्षति नहीं हुई है। लेकिन ग्रामीणों में दहशत का माहौल अभी है। वन अमला ग्रामीणों को बार-बार यह सचेत कर रहा है कि शाम होने के बाद घर से बिल्कुल भी ना निकलें। इसके अलावा यदि हाथियों का दल नजर आए तो इसकी सूचना तत्काल वन अमला को दें। उनके नजदीक जाने का प्रयास बिल्कुल भी ना करें। इससे दुर्घटना हो सकती है। पूर्व में भी घटनाएं हो चुकी हैं। इसीलिए सुरक्षित रहने के लिए सचेत होना बेहद जरूरी है।
यह दल आज नहीं कल या दो-चार दिनों में यहां से लौट जाएगा। जब तक नहीं लौटता है तब तक सभी को सुरक्षित रहने की आवश्यकता है। इधर वन कर्मियों की एक टीम इस दल पर लगातार निगरानी रखी हुई है। निगरानी के साथ-साथ अधिकारियों को रिपोर्टिंग भी दे रहे हैं। दरअसल टीम को विशेष निर्देश हैं कि हाथियों की पल-पल की निगरानी करते हुए उनकी जानकारी दी जाए। इसी के मद्देनजर टीम लगी हुई है। हालांकि एक दल मरवाही वन मंडल से एटीआर में प्रवेश कर सकता है। अभी वह कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज में है। दल में 26 हाथी हैं। इस दल को लेकर वन विभाग सकते में है। टीम को वहां तैनात कर दिया गया है। पहली कोशिश यह है कि किसी तरह दुर्घटना न हो।