मुंगेली। मुंगेली जिले के जगताकापा में पति-पत्नी ने गांव के बाहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव के लोगों ने बुधवार की सुबह दोनों की लाश को फांसी के फंदे पर झूलते देखा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जंच में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। मुंगेली के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जगताकापा में रहने वाले प्रमोद नेताम की एक साल पहले जागेश्वरी नेताम से विवाह हुआ था। बुधवारयह की सुबह गांव वालों ने दोनों के शव को मकान के पास ही बरगद के पेड़ में फांसी पर झूलते देखा। इसकी जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने गांव पहुंचकर पूछताछ शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में स्वजन ने घटना के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है। सरकंडा थाना प्रभारी हरिशचंद्र टाण्डेकर ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाली युवती ने तीन जून को दुष्कर्म की शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि बलौदाबाजार जिले के सरसींवा थाना अंतर्गत ग्राम बगपल्ली में रहने वाले दीपक पटेल से उसकी जान पहचान थी। युवक ने उसकी सहेली के मोबाइल से मोबाइल नंबर निकाल लिया। इसके बाद उसे फोन कर परेशान करता था।
15 सितंबर 2021 अकेले में दीपक ने युवती के साथ दुष्कर्म कर इसका वीडियो बना लिया। बाद में वह युवती को संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। मना करने पर वह वीडियो को इंटरनेट में प्रसारित करने की धमकी देता था। युवती की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपित रपटा चौक के पास किराए के मकान में छुपा है। पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।