
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने ही उसकी जान ली है। पुलिस ने आरोपिता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शहर के अमलीडीह स्थित सेंट जोसफ कालोनी की है। मृतक का नाम सुरेंद्र साहू (30) और उसकी पत्नी का नाम मोती उर्फ मिनी बताया गया है। दो साल पहले दोनों की शादी हुई थी। उनकी डेढ़ साल की बच्ची भी है।
पुलिस को शुरुआती पूछताछ में पड़ोसियों से पता चला कि आए दिन दोनों के बीच होने वाली खटपट की आवाज बाहर तक आती थी। दोनों का झगड़ा बढ़ता जा रहा था। रविवार की दोपहर सुरेंद्र की जोर से चीख निकली तो पड़ोस के लोगों ने जाकर देखा। वह बिस्तर पर लहूलुहान पड़ा था। करीब ही उसकी पत्नी लोहे का पाइप हाथ में लिए बदहवास बैठी थी। लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को फोन किया।
जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा। तब तक सुरेंद्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके से हत्या के सबूत जमा किए, फारेंसिक टीम को बुलवाया गया। कुछ देर बाद मृतक की पत्नी मोती को अलग कमरे में बैठाकर पूछताछ की गई। रोते हुए मिनी ने पुलिस को सारी जानकारी दी। मिनी ने पुलिस को बताया कि हमारी शादी दो साल पहले हुई थी, सुरेंद्र टाटा के शो रूम में ड्राइवर था। रात में जब वह घर आता था तो चरित्र पर शक करते हुए मारपीट करता था। इसी बात पर कई बार पीट चुका था।
रात में पाइप लेकर सोई थी
पुलिस को जांच में पता चला है कि मिनी ने रात को ही पाइप अपने पास रख लिया था। शनिवार की शाम को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। मिनी को सुरेंद्र ने थप्पड़ मार दिया था। इसकी वजह से मिनी ने अपने पास पाइप रखा था। देर रात तक दोनों में झगड़ा हुआ। रविवार को सुबह फिर बहस शुरू हुई। सुरेंद्र ने मिनी पर हाथ उठाया तो मिनी ने उसी पाइप से सुरेंद्र के सिर पर वार किया, जहां मौके पर ही सुरेंद्र की मौत हो गई।
पुरानी बस्ती के सीएसपी राजेश चौधरी ने कहा, विवाद के चलते पत्नी ने पति की हत्या कर दी। चरित्र पर संदेह के चलते आए दिन दोनों में विवाद होता था।