
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Raipur Weather News दिसंबर का महीना बीतने को है और यह साल खत्म होने में केवल तीन दिन का ही समय बचा है। ऐसे में एक ओर जहां देश के विभिन्ना क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं पूरे दिसंबर रायपुर में कड़ाके की ठंड गायब रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को मौसम पूरी तरह से खुल जाएगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होगा। इससे ठंड भी बढ़ेगी। प्रदेश भर में कोरिया सबसे ठंडा रहा। कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह से ही छाई रही बदली, कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी
बुधवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। रायपुर के आसपास के कुछ क्षेत्रों में तो बूंदाबांदी भी हुई। इसके चलते सुबह-सुबह हल्की ठंड भी रही, लेकिन बादल के कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी रही। रायपुर का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। साथ ही न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
पेंड्रा, अंबिकापुर में भी पारा सामान्य से अधिक
दिसंबर खत्म होने वाला है और अंबिकापुर, पेंड्रा रोड में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा है। बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इसी प्रकार पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
गर्म कपड़ों का कारोबार हुआ ठंडा
ठंड कम पड़ने से इस वर्ष दिसंबर महीने में गर्म कपड़ों का कारोबार पूरी तरह से ठंडा हो गया है। कारोबारियों का कहना है कि नवंबर से तुलना की जाए तो गर्म कपड़ों का कारोबार 60 प्रतिशत तक गिर गया है। अभी भी ठंड गायब रहने के कारण स्टालों में भी सन्नााटा पसरा हुआ है।