Vikram Gokhale Health Update: अभिनेता विक्रम गोखले की हालत गंभीर, नहीं हो रहा दवाओं का असर
Vikram Gokhale Health Update: विक्रम गोखले अभी पुणे के एक अस्पताल में भर्ती हैं। 82 वर्षीय अभिनेता को कुछ दिनों पहले दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले बुधवार रात विक्रम गोखले के परिवार ने उनकी मौत की खबरों का खंडन किया।
By Arvind Dubey
Edited By: Arvind Dubey
Publish Date: Thu, 24 Nov 2022 09:33:00 AM (IST)
Updated Date: Thu, 24 Nov 2022 10:50:18 AM (IST)

Vikram Gokhale Health Update: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले की हालत गंभीर बनी हुई है। गुरुवार सुबह उनकी पत्नी वृषाली गोखले ने बताया कि विक्रम गोखले पिछले 24 घंटों से गंभीर हैं। डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इलाज और दवाओं का ज्यादा असर नहीं दिख रहा है। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है।
इससे पहले बुधवार रात विक्रम गोखले के परिवार ने उनकी मौत की खबरों का खंडन किया। विक्रम गोखले अभी पुणे के एक अस्पताल में भर्ती हैं। 82 वर्षीय अभिनेता को कुछ दिनों पहले दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विक्रम गोखले की बेटी ने कहा, 'उनकी हालत अभी भी गंभीर है और लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर है। उनका निधन नहीं हुआ है। उनके लिए प्रार्थना करते रहें।'
KAMAL HAASAN HOSPITALISED IN CHENNAI
Kamal Haasan Health: साउथ सुपरस्टार कमल हासन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें चेन्नई के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक, कमल हासन को 23 नवंबर को श्री रामचंद्र मेडिकल सेंटर (SRMC) में भर्ती कराया गया था। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कथित तौर पर उन्होंने बुखार है और इसी का इलाज दिया जा रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें अगले कुछ दिनों तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। कहा जा रहा है कि अभिनेता को गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। हाल ही में उन्होंने अपने मेंटर और दिग्गज डायरेक्टर के विश्वनाथ से हैदराबाद में मुलाकात की थी और दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी हुई थी।
अभिनेता के करीबियों ने बताया कि 23 नवंबर को कमल हासन को बेचैनी महसूस हुई। इसके बाद उन्हें हल्का बुखार हो गया। हैदराबाद से लौटने के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए चेन्नई के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कमल हासन अभी बिग बॉस तमिल सीजन 6 को होस्ट कर रहे हैं। अभिनेता पिछले छह सीजन से इस शो की एंकरिंग कर रहे हैं और उन्हें इस भूमिका में बहुत पसंद किया जा रहा है।