भोपाल। नवदुनिया प्रतिनिधि। भेल इस्कान मंदिर के उपहार युवा महोत्सव 'उपहार' में दिल्ली द्वारिका के उपाध्यक्ष अमोघलीला दास ने जीवन को सुखी और खुश बनाने के टिप्स दिए। रविवार को भेल सांस्कृतिक भवन में आयोजित महोत्सव में उन्होंने युवाओं चिंता मुक्त रहने के मंत्र दिए। अमोघ लीला प्रभु ने बताया कि स्प्रीचुअल होकर युवा एम ओरिएंटेड (लक्ष्य केंद्रित) बन सकता है। उन्होंने कहा कि भारत को नशेड़ी बनाने की एक साजिश रची जा रही है। रोज दो हजार करोड़ रुपए का ड्रग्स भारत में स्मलिंग होकर आता है। भारत दुनिया का सबसे जवान देश है। यह पूरी दुनिया के लिए ईष्या का विषय है। उसकी युवा ताकत को कमजोर करने के लिए ड्रग्स का उपयोग किया जा रहा है। इंडिया पूरी दुनिया का पापा है। जब भी संकट आता है तो पूरी दुनिया भारत की तरफ देखती है। पड़ोसी श्रीलंका का ही उदाहरण लीजिए वहां खाने के लाले पड़े तो भारत ने उन्हें अनाज दिया। आज के समय में लड़कियां सिगरेट पीने को हाई स्टेटस मान रही हैं। यह सिगरेट कंपनियों की मार्केटिंग स्कील का नतीजा है। जब सिगरेट कंपनियों ने देखा कि आधी आबादी तो सिगरेट पी नहीं रही है तो उन्होंने अभिनेत्रियों और माडल को सिगरेट पीने के लिए प्रेरित किया ताकि लड़कियों के लिए वे रोल माडल बन जाएं। ऐसा हुआ भी और आज लड़कियां धड़ल्ले से धुएं के छल्ले उड़ा रही हैं। पुरुषों से समानता महिलाओं का सिगरेट पीना इसी का उदाहरण है। अमोघ लीला प्रभु ने युवाओं को बताया कि हमें अपने व्यवहार के अनुसार क्षेत्र चुनना चाहिए। कई माता-पिता अपनी इच्छाएं बच्चों पर थोप देते हैं, जो उनके जीवन को संकट में डाल देते हैं। उन्होंने महाभारत का उदाहरण दिया कि जब भीम ने संगीत सीखना चाहा तो वो उनके व्यवहार के अनुसार नहीं था, इसलिए उन्होंने उसे नहीं अपनाया। कार्यक्रम में अमोघ लीला प्रभु हरे कृष्ण कीर्तन किया। वे तीन घंटे सभा में खड़े रहे। श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्रीकृष्ण जी के भजनों पर नृत्य किया। इस दौरान युवाओं ने उनसे अलग-अलग सवाल पूछ कर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया। युवाओं को बताया गया कि देश में 70 प्रतिशत लोग दिशाहीन हैं, 78 प्रतिशत लोग हमेशा फोन चालू रखते हैं, 370 लोग रोज खुदकुशी कर रहे हैं, 12 मिनट में फोन नोटिफिकेशन देखता है।
गृहस्थ लोगों से कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार दें
युवा महोत्सव के बाद अमोघ लीला प्रभु श्रीकृष्ण मंदिर-यादव सभा (इस्कान-भेल), बरखेड़ा के कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने यहां गृहस्थ लोगों के लिए कहा कि जब दोनों कपल सामंजस्य बैठाएंगे तो समस्याएं नहीं होंगी। हमें बच्चों में अभी से संस्कार डालने होंगे। हमें अपने पुराने वैदिक परंपराओं को बनाए रखना है। कार्यक्रम में भेल के अध्यक्ष रसानंद दास और यादव सभा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव भी उपस्थित थे।