
भोपाल(नवदुनिया रिपोर्टर)। पर्वतारोही भावना डेहरिया मिश्रा ने 22 मई 2019 को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह किया था। माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का सपना देखने से लेकर उसे हकीकत में बदलने तक के अपने सफर को साझा करते हुए भावना ने कहा कि सबसे ऊंची चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना मेरे लिए सबसे गर्व का क्षण था। इससे मुझे बहुत खुशी हुई की मेरी कड़ी मेहनत और लगातार प्रयासों ने मेरे देश को गौरवान्वित किया है। चार साल की मेहनत के बाद जब मैंने अपने सपने को सच होते देखा, जब मुझे एहसास हुआ कि मैं दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर हूं, जिसे नेपाल में "सागरमाथा" भी कहा जाता है। मैंने चोटी तक पहुंचने के लिए 8,848 मीटर की दूरी तय की। अपनी पर्वतारोहण यात्रा पर प्रकाश डालते हुए भावना कहती हैं कि मैंने पहली बार अपने स्कूल के दिनों में छिंदवाड़ा जिले के पातालकोट के एक छोटे से आदिवासी बहुल इलाके में चढ़ाई शुरू की थी। हालांकि पेशेवर चढ़ाई गढ़वाल, उत्तराखंड से डोकरियानी बमक नामक ग्लेशियर से थोड़ी देर से शुरू हुई। मैंने 22 मई को सबसे ऊंचे पर्वत शिखर माउंट एवरेस्ट को सफलतापूर्वक फतह किया। मैंने आखिरी बार मार्च 2020 में ऑस्ट्रेलिया के माउंट कोसियस्ज को पर चढ़ाई की थी। यही वह वर्ष था जब मेरी शादी हुई और मैंने परिवार के नए आयाम के बारे में सोचा। भावना अब एक मां भी हैं। उन्होंने बताया कि मैंने अपनी गर्भावस्था के दिनों में भी अपना फिटनेस प्रशिक्षण जारी रखा। मेरा मानना है कि इस दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है, बस आपको अपने लक्ष्य के प्रति निरंतरता, साहस, दृढ़ संकल्प रखने की जरूरत है। मेरा यह पहाड़ों का सफर आगे भी जारी रहेगा और महामारी की स्थिति बेहतर होने के बाद मेरे माउंटेन अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि मेरी बेटी को भी अपनी मां पर गर्व हो और वह भी अपने लक्ष्य को हर संघर्ष के बीच हासिल करना सीखे।