प्रदेश के परिवहन कार्यालयों में दिव्यांगों को व्हीलचेयर की मिलेगी सुविधा-
-परिवहन आयुक्त ने आरटीओ व डीटीओ को दिए निर्देश,अक्टूबर से शुरू होगी व्यवस्था
भोपाल। नवदुनिया प्रतिनिधि
राजधानी सहित प्रदेश के परिवहन कार्यालयों में दिव्यांगों को व्हीलचेयर की सुविधा अक्टूबर माह से मिलने लगेगी। इसके लिए हाल ही में परिवहन आयुक्त मुकेश कुमार जैन ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी(आरटीओ) और जिला परिवहन अधिकारी(डीटीओ)को निर्देश दिए हैं। भोपाल सहित प्रदेश के सभी परिवहन कार्यालयों में जरूरत के हिसाब से एक से दो व्हीलचेयर की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही दिव्यांगों को व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हर परिवहन कार्यालय में एक कर्मचारी पाबंद किया जाएगा। ज्ञात हो कि भोपाल सहित प्रदेशभर में 15 लाख से ज्यादा दिव्यांग हैं। रोजाना अलग-अलग परिवहन कार्यालयों में औसतन 5 दिव्यांग ड्राइविंग लाइसेंस व आरटीओ संबंधित कार्य कराने आते हैं। व्हीलचेयर नहीं होने से इन्हें परेशानी होती है।
दिव्यांगों की दी जाएगी पहली प्राथमिकता
प्रदेश के सभी परिवहन कार्यालयों में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पहली प्राथमिकता दिव्यांगों को दी जाएगी। पहले दिव्यांगों के लाइसेंस बनाए जाएंगे। इसके बाद वरिष्ठजनों और महिलाओं के आरटीओ संबंधी कार्य किए जाएंगे, जिसके बाद अन्य लोगों के काम होंगे।
50 फीसद किराये में दी जा चुकी है छूट
परिवहन आयुक्त मुकेश कुमार जैन ने बताया कि प्रदेश के परिवहन कार्यालयों में व्यवस्था बदली जा रही है। दिव्यांगों को आरटीओ संबंधी कार्य कराने में कोई दि-त न हो, इसलिए व्हीलचेयर की व्यवस्था जल्द करने जा रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही दिव्यांगों को बस से यात्रा करने पर किराये में 50 फीसद की छूट शुरू की है।