
- मप्र स्कूल शिक्षा विभाग दीपावली के बाद स्कूल खोलने के बारे में लेगा फैसला
भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्र सरकार ने 15 अक्टूबर से स्कूल खोलने को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। केंद्र ने सभी राज्यों को फैसला लेने के लिए कहा है।
केंद्र की गाइडलाइन के मुताबिक ही राज्यों को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने होंगे। हालांकि, इसे लेकर मप्र स्कूल शिक्षा विभाग ने अभी कोई गाइडलाइन तैयार नहीं की है। प्रदेश में जिस एसओपी के आधार पर 21 सितंबर से 9वीं से 12 वीं तक के स्कूल संचालित हो रहे हैं। इसी आधार पर स्कूलों का संचालन होगा। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी पहली से आठवीं तक के स्कूल खोलने की कोई संभावना नहीं है। 9वीं से 12वीं तक के स्कूलों में भी नियमित कक्षाएं नहीं लगेंगी, बल्कि आंशिक कक्षाएं ही संचालित होंगी। दीपावली के बाद कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए मिडिल और हाइस्कूल व हायर सेकंडरी स्कूल खोलने पर विचार होगा। इस दौरान नई एसओपी तैयार की जाएगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव प्रमोद सिंह ने बताया कि जिस एसओपी के तहत वर्तमान में स्कूल संचालित हो रहे हैं, उसी के मुताबिक स्कूल लगेंगे। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभी सिर्फ पांच फीसद अभिभावकों के सहमति पत्र मिले हैं। ऐसे में स्कूलों में नियमित कक्षाएं नहीं लग पाएंगी।