दुकानदार भी बगैर मास्क के पाए गए
छिंदवाड़ा। शहर में रोजाना की तरह मंगलवार को भी निगम की टीम ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जो बगैर मास्क के शहर में घूम रहे थे। निगम कर्मियों द्वारा करीब 55 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 5 हजार 500 रुपए का जुर्माना किया गया। निगम के अनुसार रोजाना की तरह मंगलवार को शहर में निगम कर्मियों की टीम ने घूम-घूम कर ऐसे लोगों पर कार्रवाई की, जो बगैर मास्क के शहर में घूमते हुए स्वयं और लोगों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए मंगलवार की टीम के सदस्यों ने करीब 55 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 5 हजार 500 रुपए का जुर्माना किया। साथ ही निगम की टीम को कुछ दुकानदार भी बगैर मास्क के दिखाई दिए। इन दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई। साथ ही यह कार्रवाई रोजाना जारी रहेगी।
शौचालय में अब ट्रांसजेंडर के लिए भी होगी अलग से व्यवस्था
-नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी किए आदेश, निगम के शौचालय में होगी व्यवस्था
छिंदवाड़ा। शहर में बनाए गए सार्वजनिक शौचालय में अब स्त्री और पुरुष के अलावा ट्रांसजेंडर के लिए भी शौचालय की व्यवस्था अलग से होगी। इसके लिए नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए गए आदेश में निगम आयुक्त को निर्देशित किया गया है। इस निर्देश के बाद अब छिंदवाड़ा शहर के शौचालय में व्यवस्था करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर पालिक निगम के आयुक्त हिमांशु सिंह ने बताया कि मंगलवार को नगरीय प्रशासन विभाग से जारी हुए आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि शहर के सार्वजनिक शौचालय में अब तक स्त्री और पुरुषों के लिए शौचालय की व्यवस्था की गई है, लेकिन अब स्त्री और पुरुषों के अलावा ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिए भी शौचालय में अलग से व्यवस्था की जाए। ताकि उन्हें भी सामान्य नागरिक की तरह अधिकार मिल सके। इस मामले में मंगलवार को आदेश जारी करते हुए निगम आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि शहर के शौचालय में ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिए स्थान आरक्षति किया जाए।
मुख्य द्वार पर लगा होगा सांकेतिक बोर्ड-
इस मामले में जारी किए आदेश में यह भी लिखा गया है कि सार्वजनिक शौचालय में जिस तरह से स्त्री और पुरुषों के लिए सांकेतिक बोर्ड लगाया जाता है, उस तरह से ही हर शौचालय के मुख्य गेट पर भी ट्रांसजेंडर समुदाय के उपयोग के लिए बोर्ड लगाया जाएगा। ताकि इस बात की जानकारी समुदाय के लोगों को हो सके।
इनका कहना है।
नगरीय प्रशासन विभाग से आए आदेश के बाद मंगलवार को स्थानीय अधिकारियों को व्यवस्था बनाएं जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
हिमांशु सिंह, आयुक्त, नगर पालिक निगम, छिंदवाड़ा