
छिंदवाड़ा। लगातार बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों का दौरा कर रहे पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह ने शनिवार को सारना मंडल के विभिन्ना गांवों का दौरा किया। इस दौरान जमुनिया, सीहोरा मढ़का, डागा बानी, पिपरिया कर्वे, पिपरिया ठेका, थावरी, चौसरा, भूला मोहगांव में अधिक बारिश से बर्बाद हुई किसानों की फसलों का निरीक्षण किया। साथ ही किसानों की विभिन्ना समस्याओं पर उनसे चर्चा की और किसानों को विश्वास दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी और शिवराज सरकार किसानों के हर दुख दर्द की चिंता करेगी और किसानों को हुए अति वर्षा से नुकसान की भरपाई करने में शीघ्र मदद करते हुए उनके फसलों का मुआवजा दिलाएगी। श्री सिंह ने चर्चा के दौरान किसानों से कहा कि मैं भी एक किसान हूं। कांग्रेस ने किसानों के साथ धोखा करते हुए चुनाव के समय किसानों को कर्जा माफी, बोनस जैसी फर्जी घोषणा करते हुए किसानों के वोट लेकर सरकार बना ली, कांग्रेस ने किसानों से कहा था कि सरकार में आते ही 10 दिन में 2 लाख तक का कर्जा माफ कर देंगे। साथ ही फसलों का बोनस भी किसानों को देंगे। जब कांग्रेस सरकार में आई सरकार में आने के बाद अपने वादों को भूल गई किसानों का कर्जा माफ करने की तो बात अलग है, किसानों को मिलने वाली भावांतर की राशि को भी कांग्रेस सरकार ने बंद कर दी। 16 महीने के कार्यकाल में सबसे ज्यादा कोई ठगा महसूस कर रहा है तो किसान अपने आपको महसूस कर रहा है। कर्ज माफी के नाम पर कांग्रेस ने अनेक रंगों के फार्म भरवाए, 10 दिन में तो छोड़ो 16 महीने में भी किसानों के र्कों से दूर भागती हुई कांग्रेस सरकार नजर आई। मक्के के समय किसानों को धोखा देते हुए बड़ी-बड़ी कंपनियां लाकर कॉर्न फेस्टिवल जैसे आयोजन कर सरकार का पैसा खर्च किया , पर मक्के का उचित दाम किसानों को नहीं दिलाया, ना ही मक्के पर किसी प्रकार का बोनस भावांतर दिया।
महाविद्यालयीन परीक्षा के लिए समय सारणी जारी
दमुआ। स्थानीय महाविद्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय से संबद्ध एमए. पूर्वार्ध तथा बीए प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए विश्वविद्यालय द्वारा समय सारणी घोषित कर दी गई है। जारी समय सारणी अनुसार ऐसे छात्र जिन्हें एमए प्रथम सेमेस्टर में एटीकेटी है, उन्हें 17 से 19 सितंबर तक अपनी उत्तर पुस्तिका संग्रहण केंद्र में जमा करना होगा। वहीं बीए प्रथम वर्ष तथा एमए प्रथम सेमेस्टर के स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए एमपी ऑनलाइन.गीओवी.इन पर प्रश्न पत्र 14 सितंबर से 16 सितंबर तक अपलोड किए जाएंगे। जिन्हें परीक्षार्थी लिखकर 15 सितंबर तक निकटवर्ती संग्रहण केंद्र में जमा कर सकेंगे। समस्त परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका के साथ प्रथम पृष्ठ का प्रारूप, प्रवेश पत्र, एसआईएस पंजीयन की छाया प्रति एवं पावती की दो प्रतियां प्रत्येक उत्तर पुस्तिका के लिए अलग-अलग लाना आवश्यक होगा। मालूम हो कि शासकीय महाविद्यालय दमुआ संग्रहण केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।