
66 क्वार्टर स्थित आवास के आसपास का क्षेत्र कंटेनमेंट एरिया के साथ सैनेटाइज किया
दमुआ। निकाय के वार्ड क्रमांक 9 का 66 क्वार्टर में दो पॉजिटिव रिपोर्टिंग के बाद शनिवार एक बार फिर निकाय और पुलिस अमले के साथ स्थानीय राजस्व प्रशासन सक्रिय दिखा। नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय, नपा सीएमओ डीपी खंडेलकर और थाना प्रभारी राहुल कटरे निकाय अमले के साथ 66 क्वार्टर इलाके में पहुंचे। टी.आई. राहुल कटरे ने बताया कि कुछ दिन पहले इस मोहल्ले में गोरखपुर से पति पत्नी और उनके दो बच्चे अपनी रिश्तेदारी में आए थे। मोहल्ले वालों की आपत्ति पर उन्हें बाह्मणवाडा स्थित शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया था। जहां से उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। शनिवार उनकी रिपोर्टिंग पॉजिटिव आई। पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद शनिवार प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ उन्होंने बताया उन लोगों के संपर्क में आए दो युवकों को प्रशासन ने तत्काल शेल्टर होम में पहुंचाया। वे जिस आवास में रुके थे उसे कंटेंमेंट एरिया बनाया गया। आसपास के लोगों को होम क्वारंटाइन होने की हिदायत दी गई।