
सेकंड लीड
छिंदवाड़ा। उमरानाला में रविवार को सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई। नगर के एमपीईबी के चौराहे के पास एक चार पहिया वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी, जिसमें साइकिल सवार को तत्काल डॉयल 100 ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां साइकिल सवार मजदूर की हालत नाजुक होने के कारण उसे तत्काल नागपुर रेफर कर दिया, जहां रास्ते में मजदूर ने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उमरानाला नगर निवासी रमेश विश्वकर्मा (55) प्रतिदिन की तरह साइकिल पर सवार होकर 27 सितंबर रविवार को सुबह 10 बजे काम करने जा रहा था, जो कि उमरानाला एमपीईबी के समीप चौराहे पर एक पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन नंबर एमएच 31 डीसी 3077 ने टक्कर मार दी और उक्त चार पहिया वाहन तत्काल घटनास्थल से फरार हो गया। जिसमें साइकिल सवार मजदूर को गंभीर चोट सिर पर आई, जिसे तत्काल परिजनों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में डॉयल 100 के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक होने की वजह से डॉक्टरों ने तत्काल नागपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। युवक को एंबुलेंस से नागपुर ले जाया जा रहा था, तभी सावनेर के पास मजदूर ने दम तोड़ दिया।