तीसरे दिन हुई उत्तम आर्जव धर्म की आराधना
छिंदवाड़ा। जैन धर्मावलंबियों द्वारा दशलक्षण धर्म की उत्साह के साथ आराधना की जा रही है। यह पर्व भोगों का नहीं बल्कि भेदज्ञान की कला सिखाने वाला मंगल महोत्सव है। उक्त मार्मिक उदगार युवा विद्वान पं. अंकुर शास्त्री ने दशलक्षण पर्व पर मुमुक्षु मंडल एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन की ऑनलाइन प्रवचन श्रखंला में व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान जैन धर्मावलंबियों द्वारा क्रोध, मान, माया, लोभ आदि कषायों सहित संसार-शरीर और भोगों से वैराग्य की भावना भाई जा रही है। पंडित दौलतराम द्वारा लिखित छहढाला ग्रन्थ की चर्चा करते हुए कहा कि अनादि काल से इस जीव को शरीर और भोगों की रुचि तो रही पर अपने वास्तविक स्वरूप यानि मैं शरीरादि से रहित चैतन्य पदार्थ हूं जिसका लक्षण ज्ञान दर्शन है ऐसे आत्म स्वभाव की रुचि अब तक नहीं हुई। इस जीव ने अब तक पर पदार्थों से अपने को सुखी बनाने के बहुत जतन किये पर अपना वास्तविक स्वरूप समझे बगैर यह जीव दुःखी ही बना रहा।
पं.रजनीभाई दोशी ने कहा कि आर्जव याने सरलता। मायाचार के अभाव से उत्तम आर्जव धर्म प्रगट होता है। हम स्वयं जानने देखने वाले भगवान आत्मा है, उसको पर्याय मे प्रगट नही करना वही मायाचारी है। श्रावकाचरजी मे लिखा है कि जिस प्रकार टेढ़े म्यान में सीधी तलवार प्रवेश नहीं करती, उसी प्रकार कपट से वक्र परिणामी के हृदय में भगवान का सरल धर्म प्रवेश नहीं करता है। लौकिक कार्यो की सिद्धि भी मायाचारी से नहीं बल्की अपने पुण्य से होती है। इसलिऐ मायाचार छोडकर धर्म मे लगना चाहिए। पं.राजकुमार शास्त्री ने कहा कि शुद्धात्मा की प्राप्ति का मार्ग दशलक्षण महापर्व है कोरोना संक्रमण काल में ऑनलाइन स्वाध्याय के माध्यम से मां जिनवाणी घर घर दस्तक देकर पूर्ण सुखी होने का मोक्षमार्ग बता रही है अतः हमारा कर्तव्य बनता है कि हम जिनवाणी की बात माने और मां के बताए मार्ग पर चलकर पूर्ण सुखी हो जाएं। फेडरेशन सचिन दीपकराज जैन ने बताया कि उत्तम आर्जव के दिवस पर साहित्यिक कार्यक्रमों में किसने किससे कहा सुंदर प्रतियोगिता हुई जिसका सफल संचालन पायल जैन एवं स्नेहा पाटनी ने किया।
पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से करेंगे चर्चा
छिंदवाड़ा। बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू अमरवाड़ा पहुंचकर भाजपा नगर मंडल कार्यालय उत्कृष्ट विद्यालय के सामने अमरवाड़ा में दोपहर 2 बजे से पहुंचकर विधानसभा अमरवाड़ा के सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारीयों, बूथ समिति अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे और क्षेत्र कि समास्याओं के बारे में जानकारी लेंगे एवं उसका समाधान करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू के साथ, भाजपा जिला महामंत्री एवं विधानसभा प्रभारी उत्तम सिंह ठाकुर, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष टीकाराम चंद्रवंशी जी उपस्थित रहेंगे ।