
बैतूल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। कोरोना प्रकोप के चलते प्रशासन द्वारा लगाई गई रोक से इस साल गणेश प्रतिमाओं का श्रद्धालु नदियों में स्वयं विसर्जन नहीं कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें उनके क्षेत्र में ही बनाए गए कलेक्शन सेंटरों पर प्रतिमाएं देना होगा। यहां से इन प्रतिमाओं को इकट्ठी ले जाकर विसर्जित किया जाएगा। इस साल गणेशोत्सव के दौरान सार्वजनिक गणेश प्रतिमाएं स्थापित नहीं की गई हैं। श्रद्धालुओं ने अपने घरों में ही प्रतिमाएं स्थापित की हैं और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा प्रतिमाओं का विसर्जन नदी, तालाब या बांध में भी करने पर रोक लगाई गई है। इसकी जगह शहर में अलग-अलग 19 स्थानों पर नगर पालिका द्वारा कलेक्शन सेंटर बनाए जा रहे हैं। यहां पर संबंधित क्षेत्रों की प्रतिमाएं श्रद्धालु पूजा-अर्चना के बाद पहुंचाएंगे और फिर इन प्रतिमाओं को ले जाकर कर्मचारियों द्वारा विसर्जन किया जाएगा। सोमवार को अधिकांश घरों में हवन-पूजन किए जाएंगे। कुछ श्रद्धालुओं द्वारा सोमवार और कुछ के द्वारा मंगलवार को प्रतिमाएं विसर्जित की जाएगी। इसके चलते दोनों ही दिन नगर पालिका द्वारा सभी 19 स्थानों पर कलेक्शन सेंटर चालू रखे जाएंगे। नगर पालिका ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्वयं नदी पर जाने की बजाय इन कलेक्शन सेंटरों पर ही प्रतिमाएं जमा करें।