
संयुक्त अमले ने सौंसर में की छापामार कार्रवाई
छिंदवाड़ा। आबकारी और पुलिस के संयुक्त अमले ने बुधवार को सौंसर क्षेत्र में संयुक्त दबिश देकर बड़ी मात्रा में लाहन नष्ट कर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की। कुल 9 प्रकरण में 75 सौ किलो लाहन और 45 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद हुई। इस संयुक्त अमले ने एक आरोपित को भी शराब बनाते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र के बागोड़ाढाना के नदी-नालों में बड़ी मात्रा में लाहन और हाथ भट्टी बरामद हुई। यहां से 3 अलग-अलग स्थानों से 3 हजार किलो महुआ लाहन और 20 लीटर अज्ञात आरोपितों से बरामद हुई। सौंसर थाना क्षेत्र के बरगाबोड़ी में 2 अलग-अलग स्थानों से 2 हजार किलो महुआ लाहन बरामद कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, जबकि नवथल में 15 सौ किलो महुआ लाहन और 25 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद हुई। पनियारी में 1 हजार किलो लाहन बरामद हुई जबकि एक आरोपित को 10 लीटर हाथ भट्टी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के दौरान एडीईओ सतीश कश्यप, बीएल उइके, उमेश मिश्रा, उप निरीक्षक अर्चना घोरमारे, आकाश मेश्राम, एएसआई श्री उपाध्याय और श्री बघेल सहित आबकारी-पुलिस के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
घर-घर विराजेंगे श्री गणेश छिंदवाड़ा के महाराजा
छिंदवाड़ा के महाराजा की 1 फीट की मूर्ति निश्शुल्क करेंगे भेंट
छिंदवाड़ा। वर्तमान परिस्थिति में वैश्विक महामारी कोविड 19 संक्रमण को देखते हुए गृह मंत्रालय ने कोरोना की रोकथाम में सहयोग प्रदान करने हेतु प्रदेश के सभी सार्वजनिक गणेश पंडालों में गणेश प्रतिमा स्थापना पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए गणराज सोशल वेलफेयर सोसाइटी छिंदवाड़ा के महाराजा के सदस्यों ने इस वववर्ष एक अनूठी पहल की है। सोसायटी के संस्थापक सदस्य अमित राय एवं कोषाध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने बताया कि विगत 7 वर्षों से गुरैया नाका कलेक्ट्रेट बंगले के पास भव्य विशालकाय पंडाल में मध्य भारत की आस्था का केंद्र बिंदु बन चुके प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश छिंदवाड़ा के महाराजा अपने दिव्य रूप में विराजमान होते थे। इस संकट की घड़ी में महाराजा की डेढ़ फीट की मूर्ति जो गर्भ ग्रह में स्थापित होती थी उसे विधि विधान से स्थापित किया जाएगा। साथ ही महाराजा के प्रति गणेश भक्तों की श्रद्धा, आस्था को बनाए रखने हेतु समिति सदस्यों द्वारा इस वर्ष घर-घर विराजेंगे। छिंदवाड़ा के महाराजा के सभी सदस्य घर-घर तक भगवान श्री गणेश छिंदवाड़ा के महाराजा की मूर्ति पहुंचाएंगे। छिंदवाड़ा के महाराजा के मुख्य पुजारी पंडित श्रवण कृष्ण शास्त्री ने बताया कि इस प्रयास को मूर्त रूप देने के लिए गणराज वेलफेयर सोसाइटी छिंदवाड़ा के महाराजा समिति के द्वारा 1 फीट की भगवान श्री गणेश छिंदवाड़ा के महाराजा की मूर्ति का निर्माण किया जा रहा है। यह मूर्ति मिट्टी से निर्मित मूर्ति होगी यह मूर्ति पूर्णता इको फ्रेंडली होगी। इस मूर्ति का निर्माण करने का उद्देश्य घर-घर तक भगवान श्री गणेश छिंदवाड़ा के महाराजा की मूर्ति की स्थापना करना है। समिति द्वारा बकायदा घर में मूर्ति स्थापित करने वाले जिन परिवारों का रजिस्ट्रेशन होगा उन्हें निशुल्क मूर्ति प्रदान की जाएगी। फिजिकल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए रजिस्ट्रेशन मोबाइल नंबर 9424947771, 9425709649, 9131655299 व्हाट्सएप पर ऑनलाइन किए जा सकते हैं। मूर्ति रजिस्टर्ड परिवार के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाएगी आगे जानकारी में छिंदवाड़ा के महाराजा के सदस्य डॉ. नरेंद्र सोमकुवर, संकेत पांडे ने बताया कि यह मूर्ति पूर्णता इको फ्रेंडली है समिति द्वारा जिन परिवारों को भी मूर्ति प्रदान की जाएगी उनसे अनुरोध किया जाएगा कि कृपया भगवान श्री गणेश की मूर्ति का विसर्जन आप अपने घर में किसी टंकी बाल्टी में करें और इस मूर्ति से जो मिट्टी निकलेगी उसे आप एक गमले में डालकर पौधे का रोपण कर पर्यावरण को स्वच्छ रखने की कड़ी के भागीदार बनें।