
छिंदवाड़ा। देहात थानाअंतर्गत काराबोह डैम में नहाने पहुंचे तीन दोस्तों में से एक की डूबने से मौत हो गई। चंदनगांव निवासी गौरव पिता भीवाजी डहाके (18) अपने दोस्त राजेंद्र सोनारे तथा नितिन चौबितकर के साथ दोपहर डेढ़ बजे काराबोह डैम नहाने गया हुआ था। तीनों दोस्ते एक साथ डैम में नहा रहे थे, इसी दौरान गौरव डहाके नहाते, नहाते गहरे पानी में चला गया जिससे वह डूब गया। उसके साथियों ने अपने दोस्त को डूबता देख शोर मचाना शुरू किया। इसी दौरान वहां कई लोग एकत्रित हो गए। कुछ देर बार गौरव को डैम से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मृतक युवक के दोस्तों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उन तीनों ने शराब भी पी थी जिसके बाद वह नहाने चले गए। सभी डैम के किनारे ही नहा रहे थे, इसी दौरान गौरव गहरे में चला गया और डूब गया। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।