
शिकायत पर सुधार न होने से से शिवनगर कालोनी के रहवासी नाराज
फोटो 3
लोगों को आवागमन करने में आ रही समस्या
छिंदवाड़ा। नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह ने सीवरेज खुदाई के कार्यों को लेकर नाराजगी जाहिर की तथा कंपनी को कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन अधिकारी के आदेश व निर्देश के बाद भी सीवरेज कंपनी अपनी मनमानी पर उतारूᆬ है। काम तो हो रहा है, लेकिन मरम्मत के काम में जमकर लापरवाही बरती जा रही है। पिछले 15 दिनों से परेशानी झेल रहे शिवनगर कालोनी के रहवासी लगातार ननि से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं हो पाई है और ना ही पानी की पाइप लाइन का सुधार किया गया है। गौरतलब है कि शहर में जब से सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है तब से कंपनी की कार्यप्रणाली विवादों में रही है। इस मामले में निगम के नेताओं द्वारा विरोध प्रकट किया जा चुका है। इसके बाद भी ननि के अफसर कंपनी पर लगाम नहीं कस पा रही है। शिवनगर की रेलवे लाइन के करीब सीवरेज कंपनी ने हर गली को खोद कर छा़ेड दिया, जिसके कारण बारिश में लोगों के लिए मुसीबत बन आई थी। रहवासियों का कहना है कि सीवरेज के कार्य के बाद कंपनी व जिम्मेदारों ने दोबारा क्षेत्र में आकर नहीं देखा है।
कई घरों के नलों में नहीं आ रहा पानी
रहवासियों का कहना है कि कंपनी द्वारा पाइप लाइन बिछाने के दौरान घरों में जल सप्लाई की पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है जिससे कई घरों के नलों में पानी नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा नाली का पानी चैंबर से बाहर निकल रहा है। स्थानीय लोग नगर निगम से शिकायत करते करते थक गए हैं। वार्ड वासियों की शिकायत और नेताओं के विरोध के बाद नगर निगम ने सीवरेज कंपनी को 100 मीटर में पाइप लाइन बिछाने के बाद पहले मरम्मत उसके बाद आगे खुदाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अफसरों के इस निर्देश का पालन वर्तमान में होते नजर नहीं आ रहा है।
कमिश्नर हिमांशु सिंह का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। कंपनी को ही सड़क निर्माण करके देना होगा।