
सांसद ने सीनियर डीसीएम गुड शेड रैक प्वाइंट व्यापारियों की समस्याएं सुनी, आमजन से सावधानी बरतने की अपील की
छिंदवाड़ा (नवदुनिया प्रतिनिधि)। आपदा के इस विकराल दौर में प्रदेश की जनता को शासन-प्रशासन की मदद की आवश्यकता है। घर परिवार से लेकर बाजार तक की व्यवस्थाएं क्या हों इस बात का निर्णय भी आमजन को लेना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार लोगों की सुनवाई नहीं कर रही है। सरकार जिम्मेदारी से भाग रही है। यह आरोप सांसद नकुल नाथ ने लगाए। अपने गृह जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण एवं कोविड से बढ़ती मृत्युदर पर सांसद ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से अपेक्षा की है कि वे अब तो छिंदवाड़ा में बढ़ते इस संक्रमण पर ध्यान देकर जिलेवासियों की जान, माल की चिंता करें।
सांसद ने कहा कि इस बीमारी की विकरालता का स्वरूप इससे बड़ा क्या होगा कि जिले के संवेदनशील व्यापारी आर्थिक क्षति की चिंता करे बगैर प्रतिष्ठान बंद रखेंगे, ताकि बढ़ते संक्रमण एवं कोरोना की लिंक को रोकने में अपना सहयोग प्रदान कर सकें। वर्तमान परिदृश्य में आज झुग्गी झोपड़ी से लेकर नगर, जिले व संपूर्ण मध्यप्रदेश की पॉश कॉलोनी में रहने वाला प्रत्येक नागरिक इस बात से दहशत में है, यह बीमारी उसके परिवार में न हो। इसके विपरीत चार बार जिले का दौरा निर्धारित होने के उपरांत भी मुख्यमंत्री एक बार न तो छिंदवाड़ा आए और न ही उन्होंने यहां प्रतिदिन बढ़ती मौतों की जानकारी ली।