
छिंदवाड़ा। 18 अगस्त की सुबह सौंसर थाना अंतर्गत ग्राम देवी में संतोष पिता रामाजी बचाने (35) का शव उसके घर के पीछे नाले में मिला था। शव मिलने के बाद पुलिस युवक की मौत की जांच में जुट गई थी। पीएम रिपोर्ट में युवक की रस्सी से गला घोचटकर हत्या करना सामने आया था। सौंसर पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पहले संदेह के आधार पर पुलिस ने गांव के राजेंद्र नागदवने (37) से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में राजेंद्र ने बताया कि आपसी विवाद के चलते नागपुर के ग्राम निम्भा निवासी राजू पिता ओमकार सिंह मंगले (56) के साथ मिलकर 17 अगस्त की रात संतोष का शराब पिलाई तथा रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में दोनों आरोपितों ने संतोष का शव बाइक पर लेकर नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है।