
लापरवाहीः खरीदी खत्म हुए एक सप्ताह गुजर जाने के बाद भी नहीं हुआ गेहूं का परिवहन
फोटो 3 गेहूं उपार्जन केंद्र में रखा गेहूं भीगा
दमुआ। गुरुवार सुबह से हो रही बारिश से खुले में रखा गेहूं भीग गया है। जुन्नाारदेव विधानसभा क्षेत्र के गेहूं खरीदी केंद्रों में परिवहन की आस में रखे गेहूं और चने की फसल बारिश में बर्बाद हो रही है। क्षेत्र के छिंदी कामथ, नवेगांव, घानाउमरी, देलाखारी, झिरपा उपार्जन केंद्रों में खरीदी के बाद 22 हजार क्विंटल गेहूं और चने की फसल का स्टॉक रखा हुआ है। परिवहन में लापरवाही और हीलाहवाली बरतने के कारण बुधवार तक परिवहन नहीं हो पाया। गुरुवार सुबह हुई बारिश से खरीदी केंद्रों पर खुले में रखा गेहूं और चना भीग गया।
विकास खंड जुन्नाारदेव के पाला चौरई में 500 क्विंटल, छिंदी कामथ में 3600 क्विंटल, नवेगांव में 4 हजार क्विंटल, घानाउमरी में 4300 क्विंटल और तामिया विकास खंड के चावलापनी में 898 क्विंटल, देलाखारी में 370 क्विंटल, झिरपा में 2611 क्विंटल गेहूं और 5500 क्विंटल चना उपार्जन केंद्र में अब भी स्टॉक है। जो खरीदी खत्म होने के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी ट्रांसपोर्टर्स की लापरवाही के चलते आज तक उपार्जन केंद्र में ही रखा हुआ है। अनुमान है कि बारिश खरीदे गए 50 फीसद गेहूं और चना को डैमेज कर देगी।
ट्रांसपोर्टर की लापरवाही से बिगड़े हालात
नवदुनिया ने दो दिन पहले ही उपार्जन केंद्र से गेहूं का उठाव नहीं होने और बारिश होने की आशंका जताते हुए खरीदा गया गेहूं भीगने और नुकसान का अनुमान दर्शाते हुए समाचार भी प्रकाशित किया था, लेकिन उस के बाद भी न स्थानीय प्रशासन की नींद खुली ओर न ट्रांसपोर्टर की, जिसके चलते अब समितियों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
नाफेड को खुद करनी चाहिए खरीदी
सहकारी समिति प्रबंधकों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर यहां तक कहा कि गेहूं और अन्य फसल खरीदी का काम जिला विपणन नाफेड को खुद अपने माध्यम से जगह-जगह खरीदी केंद्र खुलवा कर करना चाहिए। समितियों के माध्यम से नाफेड ने खरीदी करवाकर ना केवल हमारे मूल कार्य को प्रभावित कर दिया बल्कि समितियों के सिर पर नुकसान का ठीकरा भी फोड़ दिया है।