
Delhi: दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से सीबीआई की पूछताछ आखिर खत्म हो गई। उनसे करीब 9 घंटे तक कड़ी पूछताछ हुई। ये मामला दिल्ली की आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा है। पूछताछ बाद बाहर निकले मनीाष सिसोदिया ने पत्रकारों से बातचीत में इस पूरी जांच को फर्जी करार देते हुए कहा कि किसी भी घोटाले (आबकारी नीति का मामला) का कोई मुद्दा नहीं है। 9 घंटे की पूछताछ में मैं समझ गया कि सारा केस फर्जी है। यह मामला मेरे खिलाफ घोटाले की जांच के लिए नहीं, बल्कि दिल्ली में ऑपरेशन लोटस को सफल बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने आम आदमी पार्टी को छोड़ने का दबाव बनाया और मुख्यमंत्री पद का भी ऑफर दिया। देखिये वीडियो-
#WATCH | I was asked inside the CBI office to leave (AAP), or else such cases will keep getting registered against me. I was told 'Satyendar Jain ke upar konse sachhe cases hain?'...I said I won't leave AAP for BJP. They said they'll make me CM, alleges Delhi Dy CM Manish Sisodia pic.twitter.com/A1ceUmHqQD
— ANI (@ANI) October 17, 2022
उधर, मनीष सिसोदिया से पूछताछ का विरोध करते हुए आप कार्यकर्ताओं ने सीबीआई दफ्तर के बाहर प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने इस मामले में कई आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। वहीं, मनीष सिसोदिया को सीबीआई के समन पर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि जेल की सलाख़ें और फांसी का फंदा भगत सिंह के बुलंद इरादों को डिगा नहीं पाये ये आज़ादी की दूसरी लड़ाई है। मनीष और सत्येंद्र आज के भगत सिंह हैं। उनका आरोप है कि बीजेपी को गुजरात विधानसभा चुनाव में आप के हाथों बुरी तरह पराजित होने का डर सता रहा है, इसलिए वह आप के खिलाफ साजिश रच रही है।
वहीं, बीजेपी ने पलटवार में तीन नाम गिना दिए और कहा कि इन तीनों ने भी आरोप लगने पर साजिश रचे जाने का आरोप लगाया था, लेकिन आज तीनों जेल में हैं। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नवाब मलिक, संजय राउत और सत्येंद्र जैन भी खुद को पाक साफ बता रहे थे, लेकिन उनमें किसी को अब तक जमानत नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि इससे पहले जब नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बुलाया गया था तब ठीक इसी प्रकार की 'नौटंकी' कांग्रेस ने की थी। उन्होंने मनीष सिसोदिया के सीबीआई दफ्तर जाते वक्त तिरंगा लहराने और आप कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो जैसा नजारा पेश करने को 'जश्न-ए-भ्रष्टाचार' बताया।