यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Excise Policy Scam: मनीष सिसोदिया के आरोपों को CBI ने किया खारिज, जारी रहेगी भ्रष्टाचार की जांच
Delhi Excise Policy Scam: सीबीआई की जांच जारी रहेगी। मनीष सिसोदिया को आगे भी बुलाया जा सकता है। वहीं दिल्ली के डिप्टी सीएम ने मंगलवार सुबह ट्वीट किया....और पढ़ें
By Arvind DubeyEdited By: Arvind Dubey
Publish Date: Tue, 18 Oct 2022 08:39:52 AM (IST)Updated Date: Tue, 18 Oct 2022 08:39:52 AM (IST)

Delhi Excise Policy Scam: शराब नीति घोटाले में लंबी पूछताछ के बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने सीबीआई पर गंभीर आरोप लगाए। मनीष सिसोदिया के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सीबीआई के अधिकारियों ने उन्हें कहा कि यदि वे भाजपा में शामिल हो जाते हैं तो उन पर लगे सभी आरोप खारिज हो जाएंगे और उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री भी बना दिया जाएगा। बहरहाल, सीबीआई ने मजबूती से इन आरोपों को खारिज किया है। मनीष सिसोदिया के आरोपों के बाद सीबीआई ने बयान जारी कर कहा, 'कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में एक वीडियो प्रसारित किया गया है जिसमें सीबीआई कार्यालय छोड़ने के बाद मनीष सिसोदिया ने कैमरे पर कहा है कि सीबीआई में पूछताछ के दौरान उन्हें अपनी राजनीतिक पार्टी छोड़ने का प्रस्ताव दिया गया। सीबीआई इन आरोपों को पूरी तरह से खंडन करती है और दोहराती है कि मनीष सिसोदिया के खिलाफ लगाए गए आरोपों के अनुसार पेशेवर और कानूनी तरीके से जांच और पूछताछ की गई है। कानून के मुताबिक मामले की जांच जारी रहेगी।'
Delhi Excise Policy Scam: जानिए आगे क्या होगा
सीबीआई की जांच जारी रहेगी। मनीष सिसोदिया को आगे भी बुलाया जा सकता है। वहीं दिल्ली के डिप्टी सीएम ने मंगलवार सुबह ट्वीट किया. दो दिन के लिए गुजरात जा रहा हूं। इस बार के चुनाव में गुजरात का हर परिवार अपने बच्चों के लिए अच्छे स्कूल लाने वाली सरकार चुनेगा। अरविंंद केजरीवाल ने गारंटी दी है कि पांच साल में ही गुजरात के हरेक स्कूल को दिल्ली जैसा शानदार बनाएंगे।
बता दें, पूरे मामले में आम आदमी पार्टी राजनीति करती रही है। इनके निशाने पर केंद्र सरकार है। हर बार जांच के बाद जांच एजेंसी के बयान आने से पहले आप नेताओं का बयान आ जाता है, जिसमें वे खुद को निर्दोष करार दे देते हैं। मनीष सिसोदिया ने भी हर बार ऐसा ही किया। बीती रात में सीबीआई की पूछताछ के बाद जब वे बाहर आए तो हाथ में कागज की पर्ची लिए बयान पढ़ा।