
Gujrat CNG-PNG Price Cut: गुजरात सरकार ने प्रदेश के लोगों को दिवाली से पहले बड़ा गिफ्ट दिया है। गुजरात सरकार ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) पर वैट में 10 प्रतिशत की कटौती की है। गुजरात के मंत्री जीतू वघानी ने सोमवार को ये ऐलान किया। सरकार के इस ऐलान के बाद अब गुजरात में सीएनजी और पीएनजी के दाम घट जाएंगे। इसके अलावा राज्य सरकार ने पीएम उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो सिलेंडर मुफ्त देने की घोषणा की है। आपको बता दें कि वर्तमान में अहमदाबाद में सीएनजी की कीमत 83.9 रुपये है, जबकि गांधीनगर में यह 82.16 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। औसत सीएनजी कीमतों में कमी के बाद उपभोक्ताओं को 6 से 7 रुपये प्रति किलोग्राम का लाभ मिल सकता है, जबकि पीएनजी का उपयोग करने वालों को 5 से 6 रुपये प्रति किलोग्राम की बचत हो सकती है।
बता दें कि जल्द ही यहां विधानसभा चुनाव की घोषणा होनेवाली है। अनुमान है कि दिवाली के बाद चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। सीएनजी और पीएनजी में राहत देकर सरकार पर 300 करोड़ का बोझ पड़ेगा। इसके अलावा एलपीजी में राहत से सरकार पर भी कुल 1650 करोड़ का बोझ पड़ेगा। वहीं सरकार के इस एलान से 35 लाख एलपीजी धारकों को फायदा होगा।
बता दें कि भारत में CNG और PNG पर हर राज्य अपने हिसाब से टैक्स वसूलता है, इसलिए कीमतें अलग-अलग रहती हैं। हाल ही में दिल्ली और एनसीआर में सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। दिल्ली-एनसीआर में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में 8 अक्टूबर से बढ़ोतरी हो गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) सीएनजी के दाम में 3 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा मुंबई में भी 4 अक्टूबर से CNG और PNG महंगी हो गई है। इंटरनेशनल मार्केट में प्राकृतिक गैस के दाम बढ़ने के बाद लिक्विफाइड पेट्रो लियम गैस (LPG) का रेट बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।