यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Joshimath Land Sinking: ग्राउंड जीरो पर बोले CM धामी, लोगों का बचाना पहली प्राथमिकता, पलायन जारी
Joshimath Land Sinking उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शनिवार को जोशीमठ के प्रभावित इलाके का दौरा करेंगे और प्रभावित लोगों से मुलाकात करे...और पढ़ें
By Sandeep ChoureyEdited By: Sandeep Chourey
Publish Date: Sat, 07 Jan 2023 07:44:54 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Jan 2023 01:38:00 PM (IST)

Joshimath Land Sinking । उत्तराखंड के जोशीमठ में हो रहे भू-धसाव के मामले में राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार भी पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी आज जोशीमठ में ग्राउंड जीरो का मुआयना करने पहुंच चुके हैं। सीएम धामी ने इस दौरान प्रभावित लोगों की समस्या सुनी और कहा कि सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना उनकी पहली प्रथामिकता है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले जोशीमठ के संबंध में अधिकारियों से रिपोर्ट ली और शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक बुलाई थी। आपात स्थिति के लिए सरकार ने कुछ हेलिकॉप्टर भी स्टेंडबाय मोड में रखे हैं।
वहीं इस मामले में जांच के लिए केंद्र सरकार ने भी एक जांच समिति का गठन कर दिया है। ये समिति जोशीमठ में भू धसाव की घटना की विस्तृत जांच करेगी। जल शक्ति मंत्रालय की ओर से जारी एक कार्यालय ज्ञापन में कहा गया कि कमेटी में पर्यावरण और वन मंत्रालय, केंद्रीय जल आयोग, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और स्वच्छ गंगा मिशन के एक्सपर्ट को शामिल किया गया है।
जोशीमठ में कई घरों में पड़ी दरार
जोशीमठ में जमीन के घंसने और कई घरों में दरारें पड़ने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। यहां राज्य सरकार ने भी शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्र को तत्काल खाली कराने और रहवासियों को शिफ्ट करने का आदेश दिया है। प्रभावित लोगों के मकान का किराया सरकार देगी।
3 दिन में जांच रिपोर्ट देगी केंद्रीय समिति
केंद्र सरकार की ओर से गठित जांच समिति तेजी से जमीन धंसने की घटना का अध्ययन करेगी और 3 दिन में यह रिपोर्ट सौंपेगी। जल शक्ति मंत्रालय की ओर से ज्ञापन में कहा गया कि समिति बस्तियों, इमारतों, हाईवे, बुनियादी ढांचे और नदी प्रणाली पर भू धसाव के प्रभावों का पता लगाएगी।
मुख्यमंत्री धामी करेंगे जोशीमठ का दौरा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शनिवार को जोशीमठ के प्रभावित इलाके का दौरा करेंगे और प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। इससे पहले शुक्रवार (6 जनवरी) को सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में इस मसले को लेकर बैठक हुई. इस बैठक में राज्य के डीजीपी, अपर मुख्य सचिव, अपर सचिव और आपदा अधिकारी भी शामिल हुए। पुष्कर धामी ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि जान बचाना पहली प्राथमिकता है.
गौरतलब है कि भूगर्भीय गतिविधि के कारण जोशीमठ के कई मकानों में दरारें आ रही हैं। उत्तराखंड के चमोली जिले में 6,000 फीट की ऊंचाई पर, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब के मार्ग स्थित शहर, उच्च जोखिम वाले भूकंपीय 'जोन-5' में आता है। अब तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 561 घरों में दरारें आई हैं।