यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Congress President Election 2022 Updates: कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए वोटिंग जारी, देखिए तस्वीरें
Congress President Election 2022 Updates: मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच है। नए कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में मल्लिकार्जुन खड़गे को शशि ...और पढ़ें
By Arvind DubeyEdited By: Arvind Dubey
Publish Date: Mon, 17 Oct 2022 08:07:32 AM (IST)Updated Date: Mon, 17 Oct 2022 11:10:12 AM (IST)

Congress President Election 2022 Updates: कांग्रेस के अगले अध्यक्ष के लिए सोमवार को मतदान होगा। सुबह 10 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी। मतदान के लिए विभिन्न राज्यों में 67 मतदान बूथ बनाए गए हैं। 9000 प्रदेश कांग्रेस कमेटी डेलिगेट वोटिंग करेंगे। कोई नेता किसी भी बूथ पर जाकर मतदान कर सकता है। मतदान गुप्त रहेगा। मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच है। नतीजा 19 अक्टूबर को आएगा। इस तरह करीब 2 दशक बाद कांग्रेस के गैर-गांधी अध्यक्ष मिलेगा। देश की सबसे पुरानी पार्टी में शीर्ष पद के लिए आखिरी मुकाबला साल 2000 में हुआ था, जब जितेंद्र प्रसाद को सोनिया गांधी के सामने हार का सामना करना पड़ा था।
Congress Adhyaksh Chunav: पढ़िए ताजा अपडेट
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने केरल के तिरुवनंतपुरम में मतदान किया। उन्होंने कहा,मुझे अपनी जीत का विश्वास है। कांग्रेस पार्टी की किस्मत पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथ में है।
सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा ने एआईसीसी मुख्यालय पर मतदान किया।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, कांग्रेस पार्टी अपने अध्यक्ष के लिए चुनाव कराने वाली एकमात्र राजनीतिक पार्टी है। यह एक ऐतिहासिक दिन है। राहुल गांधी भारत जोड़ी यात्रा के दौरान बेल्लारी में वोट डालेंगे।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु में कहा, कांग्रेस पार्टी के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। आज यहां 490 लोगों ने मतदान किया। पारदर्शी तरीके से हो रहा मतदान इससे देश को फायदा होगा। वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, आज ऐतिहासिक दिन है, कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव आज 22 साल बाद हो रहा है। यह चुनाव पार्टी में आंतरिक सद्भाव का संदेश देता है। गांधी परिवार से मेरे संबंध 19 अक्टूबर (मतगणना के दिन) के बाद भी वही रहेंगे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जारी है। इस कारण वे कर्नाटक में अपना वोट डालेंगे। पार्टी के 40 बड़े नेता जो पीसीसी के प्रतिनिधि भी हैं, राहुल के साथ भारत जोड़ो यात्रा में हैं। ये सभी नेता भी कर्नाटक में वोट डालेंगे। इनमें मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हैं।
फोटो: कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम, जयराम रमेश और पार्टी के अन्य नेताओं ने दिल्ली में एआईसीसी कार्यालय में वोट डाला।
नए कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में मल्लिकार्जुन खड़गे को शशि थरूर से आगे बताया जा रहा है। इसका कारण है गांधी परिवार से उनकी निकटता। यही कारण है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का खुला समर्थन उन्हें मिला है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान गांधी परिवार ने कहा था कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होंगे , परिवार आधिकारिक तौर पर किसी भी उम्मीदवार का समर्थन नहीं करेगा। वहीं, थरूर के बयानों से उनका दर्द साफ झलका। थरूर ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का जोर-शोर से स्वागत कर रहे हैं, जबकि उनके लिए स्वागत में कमी देखी गई। छत्तीसगढ़ से इससा उदारहण मिलता है जहां प्रदेश कांग्रेस ने खड़गे का साथ देने का फैसला किया है जबकि थरूर को यहां एजेंट तक नहीं मिले।
मल्लिकार्जुन खड़गे Vs शशि थरूर: पढ़िए प्रोफाइल
80 वर्षीय मल्लिकार्जुन खड़गे जमीनी स्तर के नेता हैं। उन्हें गांधी परिवार के कट्टर वफादार के रूप में भी जाना जाता है। उनका जन्म कर्नाटक के एक गरीब परिवार में हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा कर्नाटक के गुलबर्गा हुई है।
वहीं शशि थरूर अपने प्रतिद्वंदी से 14 साल छोटे हैं। उनकी छवि अच्छे प्रवक्ता के रूप में है। संयुक्त राष्ट्र में उनका एक शानदार करियर रहा है। शशि थरूर लंदन में जन्मे हैं। उन्हें भारत और अमेरिका के प्रमुख संस्थानों में काम करने का अनुभव है। वह केरल के नायर समुदाय से हैं और पीएच.डी डिग्रीधारी हैं।