
Top News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल सहित कई दक्षिणी राज्यों में बहुत भारी वर्षा हो सकती है। अगले 48 घंटों के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और झारखंड के कुछ और हिस्सों, आंतरिक ओडिशा और पूरे पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, मौसम विभाग ने यह भी सूचित किया कि मंगलवार से उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की संभावना है।
Top News: पढ़िए देश-दुनिया की अन्य अहम खबरें
केदारनाथ धाम में हेलीकॉप्टर क्रैश, 4 यात्रियों समेत 6 की मौत, कोहरे के कारण हुआ हादसा
केदारनाथ धाम में बड़ी हेलीकॉप्टर दुर्घटना हो गई। अब तक की जानकारी के मुताबिक, कोहरे के कारण हादसा हुआ है। हेलीकॉप्टर में 4 यात्री और 2 पायलट सवार थे। सभी 6 लोगों की मौत हुई है। घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मरने वाले सभी यात्री केदारनाथ दर्शन को आए थे। मृतकों की पहचान का पता लगाया जा रहा है। हादसा गरुड़चट्टी के पास हुआ। हेलीकॉप्टर आर्यन हेली कंपनी का है। मौके पर राहत दल पहुंच गया है। सेना की मदद ली जा रही है। यहां हेलिकॉप्टर कम ऊंचाई पर लैंड करते हैं इसलिए हादसे की आशंका बनी रहती है। कोहरे कारण हेलीकॉप्टर सेवाएं रोक दी जाती हैं। (विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
#WATCH | #Uttarakhand: A helicopter carrying #Kedarnath pilgrims from Phata crashes, casualties feared; administration team left for the spot for relief and rescue work. #helicoptercrash pic.twitter.com/Mf039tYdyh
— Debadas Pradhan (@pradhandebadas) October 18, 2022
वडोदरा नेशनल हाईवे पर बस और ट्रक की भिड़ंत, 4 की मौत, 15 घायल
गुजरात में वडोदरा नेशनल हाई पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। ट्रक और बस की सीधी भिड़ंत में 4 यात्रियों की मौत हो गई। 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कुछ की गलत गंभीर बताई गई है। हादसा कपूराई ब्रिज पर हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब लग्जरी बस हाईवे पर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। घायलों को वडोदरा के सयाजी अस्पताल ले जाया गया। बस राजस्थान के भीलवाड़ा से मुंबई जा रही थी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
सेना ने 363 ड्रोन की खरीद के लिए आरएफपी जारी किया: सेना ने संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में परिचालन तैयारियों को बढ़ाने के लिए सोमवार को 363 ड्रोन की खरीद के लिए आरएफपी (प्रारंभिक निविदाएं) जारी कीं। अधिकारियों ने कहा कि 163 ड्रोन ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए खरीदे जाएंगे, जबकि 200 ड्रोन मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में उपयोग के लिए खरीदे जा रहे हैं। बोली जमा करने की अंतिम तिथि 11 नवंबर है।
ब्रिटेन में संकट जारी, संसद में नहीं आईं लिज ट्रस: चहुंओर के हमले झेल रहीं ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस सोमवार को संसद में नहीं आईं। अर्थव्यवस्था के मुश्किल दौर में वित्त मंत्री पद से क्वासी क्वार्टेंग को हटाने के फैसले पर विपक्ष उनसे सवाल पूछना चाहता था लेकिन ट्रस हाउस आफ कामंस में नहीं आईं। विपक्षी लेबर पार्टी ने कहा है कि प्रधानमंत्री को अब अपने साए से भी डर लग रहा है। सदन में कंजरवेटिव पार्टी की नेता पेनी मोरडोंट प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति पर जवाब देने के लिए खड़ी हुईं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री कहीं छिपी नहीं हैं। वह किसी जरूरी कार्य में व्यस्त हैं। लेकिन विपक्ष वर्तमान आर्थिक स्थिति और वित्त मंत्री की बर्खास्तगी पर प्रधानमंत्री के बयान की मांग करता रहा। प्रधानमंत्री के जरूरी कार्य में व्यस्त रहने को विपक्षी नेताओं ने मजाक में लिया और वे हंसकर उसका मखौल उड़ाने लगे।