
Cricket News: केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) के भारत में विश्व कप ने खेलने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कहा कि देश में होने वाले वर्ल्ड कप (World Cup) में हर बड़ी टीम हिस्सा लेगी। गौरतलब है कि बीसीसीआई के सचिव जय शाह (Jay Shah) ने कहा था, 'भारत अगले साल होने वाले एशिया कप (Asia Cup) के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगा।' जिसके बाद PCB ने विश्व कप का बहिष्कार करने की धमकी दी है।
भारत का खेल में योगदान
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह BCCI का मामला है। वहीं इस पर फैसला लेगी। भारत खेल का पावरहाउस है। वनडे विश्व कप अगले साल यहीं होना है। सभी बड़ी टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। आप भारत को अनदेखा नहीं कर सकते। भारत ने खेल में बहुत योगदान दिया है। ठाकुर ने एशिया कप 2023 पर कहा कि पाकिस्तान में सुरक्षा की चिंता को देखते हुए गृह मंत्रालय इस पर फैसला लेगा।
पीसीबी ने आपात बैठक बुलाने का अनुरोध किया
जय शाह के बयान पर पीसीबी ने कड़ा रुख अपनाया है। कहा कि यह विश्व कप 2023 के लिए पाकिस्तान की भारत टूर और 2024-31 में भारत में होने वाले भविष्य के ICC टूर्नामेंटों को प्रभावित कर सकता है। पाकिस्तान बोर्ड ने कहा कि यह टिप्पणी एशियाई क्रिकेट परिषद के बोर्ड या पाक बोर्ड के साथ किसी भी चर्चा के बिना की गई थी। बोर्ड ने आगे कहा कि पाकिस्तान को अभी तक एसीसी अध्यक्ष के बयान पर एसीसी से कोई स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ है। इस मामले पर चर्चा के लिए जल्द बोर्ड की आपात बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।
आईसीसी ने कोई टिप्पणी नहीं की
अगले महीने मेलबर्न में होने वाली आईसीसी बोर्ड की बैठक में BCCI और PCB के अधिकारी इस विषय पर आमने-सामने होंगे। आईसीसी ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।