
Mohammed Shami: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी फिलहाल टीम इंडिया से बाहर ही चल रहे हैं। वे इसी साल जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में नजर आए थे। उन्हें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम का हिस्सा बनाया गया था। लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित होने के चलते वे खेल नहीं पाए थे। इसी बीच अब वे अपने एक ट्वीट के कारण कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गए हैं। मोहम्मद शमी ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर की थी जो कि कट्टरपंथियों को पसंद नहीं आई और शमी को निशाने पर ले लिया।
बता दें कि हाल ही में मोहम्मद शमी ने सोशल मीडिया पर दशहरे की शुभकामनाएं दी। इसी के कारण वे कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गए। सोशल मीडिया पर ही कुछ यूजर्स द्वारा उनके इस ट्वीट को धर्म से जोड़कर उन्हें बुरा-भला कहा जाने लगा। इतना ही नहीं उन्हें उनके नाम तक बदलने की सलाह दी जाने लगी। लेकिन शमी ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। शमी के इस ट्वीट को अभी तक 40 हजार से ज्यादा यूजर्स लाइक कर चुके हैं। वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें सपोर्ट भी किया है। शमी ने मैनचेस्टर में इसी साल जुलाई में अपना आखिरी वनडे खेला था।
दरअसल शमी ने अपने ट्वीट में भगवान राम की तस्वीर पोस्ट की थी। साथ ही उन्होंने लिखा कि 'दशहरा के इस पावन पर्व पर मेरी भगवान राम से यही प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि और सफलता लाएं। आपको और आपके परिवार को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं।' इस ट्वीट को लेकर कई लोगों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया। लेकिन कई फैंस ने उन्हें सपोर्ट भी किया है। शमी पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप के बाद से इस फॉर्मेट में भारत के लिए कोई मैच नहीं खेले हैं। उन्हें टी 20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट में भारत के लिए कोई मैच नहीं खेले हैं। उन्हें टी 20 वर्ल्ड कप 2022 में बतौर स्टैंडबाय चुना गया है।