
T20 World Cup: टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी टीम इंडियो को बड़ा झटका लगा है। बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आगामी टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। इससे पहले मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने उम्मीद जताते हुए कहा था कि चोटिल जसप्रीत बुमराह अगर ठीक हो गये, तो उन्हें वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया सकता है। वहीं बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बुमराह की चोट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी और टी20 विश्व कप से तेज गेंदबाज के बाहर होने की रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया था। गांगुली ने कहा था कि विश्व कप में अभी काफी समय बाकी है। लेकिन सोमवार को बीसीसीआई ने उनके टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलने को लेकर औपचारिक ऐलान कर दिया है।
बीसीासीआई सचिव जय शाह ने बोर्ड की मेडिकल टीम के हवाले से एक बयान में बताया कि बुमराह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप टीम से बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला विस्तृत मूल्यांकन और एक्सपर्ट से सलाह करने के बाद लिया गया है। बीसीसीआई अब जल्द ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए बुमराह के रिप्लेसमेंट का ऐलान करेगा। बुमराह टी20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होने वाले भारत के दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले ऑलरांडर रवींद्र जडेजा पहले ही इस टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
जसप्रीत बुमराह स्ट्रेस फ्रेक्चर की समस्या से जूझ रहे हैं। वो इंग्लैंड दौरे पर चोटिल हो गए थे, जिसके बाद वो वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जा पाए। एशिया कप 2022 के दौरान भी उनके नहीं होने का टीम इंडिया को खामियाजा भुगतना पड़ा। वैसे ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे पर अंतिम दो टी20 मैच में उन्होंने अपनी क्षमता साबित की, लेकिन पुराना चोट फिर उभर गया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए। रवीन्द्र जडेजा के बाद जसप्रीत बुमराह का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।