यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IND vs ENG 2nd SEMI Final: ‘इंग्लैंड को उनके घर में हराया, यहां भी मात दे देंगे’, सेमीफाइनल मुकाबले से पहले रोहित शर्मा का बड़ा बयान
IND vs ENG 2nd SEMI Final: भारत ने इस साल की शुरुआत में जुलाई में इंग्लैंड का दौरा किया था। तब तीन मैचों की T20 श्रृंखला में इंग्लैंड को 2-1 से हराया था। सूर्यकुमार यादव ने 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ तीन पारियों में 171 रन बनाएथे।
By Arvind DubeyEdited By: Arvind Dubey
Publish Date: Wed, 09 Nov 2022 12:00:39 PM (IST)Updated Date: Wed, 09 Nov 2022 12:40:16 PM (IST)

IND vs ENG 2nd SEMI Final: इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। रोहित ने कहा है कि टीम इंडिया इंग्लैंड को उनके घर में जाकर हरा चुकी है। इसलिए हम आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और इंग्लिश टीम को मात देकर फाइनल में जगह बनाएंगे। मैच की पूर्व संध्या पर एडिलेड में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा ने कहा, हम टी-20 क्रिकेट को अच्छी तरह जानते हैं। इंग्लैंड को इंग्लैंड में हराना एक बड़ी चुनौती होता है, लेकिन हमने ऐसा कर दिखाया है। यह बात हमें आत्मविश्वास देती है।
बता दें, भारत ने इस साल की शुरुआत में जुलाई में इंग्लैंड का दौरा किया था। तब तीन मैचों की T20 श्रृंखला में इंग्लैंड को 2-1 से हराया था। सूर्यकुमार यादव ने 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ तीन पारियों में 171 रन बनाए थे।
अपनी चोट पर पर रोहित शर्मा ने दिया अपडेट
रोहित शर्मा ने अपनी चोट के बारे में बताया कि यह एक सामान्य चोट थी, जो अब पूरी तरह ठीक हो चुकी है। यह बात टीम इंडिया के फैन्स के लिए राहत देने वाली है। मंगलवार को प्रैक्टिस के दौरान गेंद रोहित के दाएं हाथ पर लगी थी और कुछ समय के लिए उन्हें प्रैक्टिस छोड़ना पड़ी थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रोहित अपने दो खिलाड़ियों, सूर्य कुमार यादव और अक्षर पटेल की तारीफ की। अक्षर पटेल के फॉर्म के बारे में पूछे जाने पर रोहित ने कहा कि वे अपने किसी खिलाड़ी के फॉर्म से चिंतित नहीं है।
IND vs ENG 2nd SEMI Final: जानिए क्या है इंग्लैंड का गेम प्लान
वहीं इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कहा है कि वे टीम इंडिया को हराकर फाइनल में प्रवेश करेंगे। बकौल बटलर, हम भारत की पार्टी को खराब करने की कोशिश करेंगे। हम नहीं चाहते कि फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हो। जो लोग ऐसी आस लगाकर बैठे हैं, उनकी उम्मीदों पर पर पानी फेर देंगे।