
T20 WC, Arshdeep Singh: अपने पहले वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कमाल की गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। अर्शदीप ने मैच की शुरुआत में ही पाकिस्तान के दो सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। उन्होंने पहली ही गेंद पर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) को गोल्डन डक पर आउट किया। इसके बाद, दुनिया के नंबर-1 टी20 के बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को भी उन्होंन आउट किया। आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) में अर्शदीप सिंह को पहली बार मौका मिला है।
करीब एक महीने पहले युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को एक गलती के कारण काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। पिछले महीने टी20 एशिया कप के दौरान उन्होंने आसिफ अली का आसान सा कैच छोड़ दिया था। इस कारण भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ हार मिली थी। इसके बाद उनकी खूब आलोचना हुई थी। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें खालिस्तानी तक बता दिया था। लेकिन 23 साल के इस युवा गेंदबाज ने अपने परफॉर्मेन्स से आलोचकों को करारा जवाब दिया है। वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ ही तीन विकेट लेकर अपनी काबिलियत और निष्ठा दोनों साबित की।
पंजाब के अर्शदीप सिंह ने इस मुकाबले से पहले सिर्फ 13 ही टी20 इंटरनेशनल के मुकाबले खेले हैं. 20 की औसत से 19 विकेट लिए हैं। 12 रन देकर 3 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है। वे ओवरऑल टी20 के 64 मैच में 75 विकेट झटक चुके हैं। पिछले 3 सीजन से वे आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे. इसी प्रदर्शन के सहारे उन्हें वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली। लेकिन पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अपने इस शानदार प्रदर्शन के साथ अर्शदीप ने यह साबित कर दिया है कि वह लंबी रेस के घोड़े हैं और लोगों को उनकी आलोचना का ज्यादा मौका नहीं मिलेगा।
