यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 07, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ind-NZ Series: जनवरी में न्यूजीलैंड से वनडे और टी-20 सीरीज खेलेगी टीम इंडिया
Ind-NZ Series: भारतीय क्रिकेट टीम जनवरी में करेगी न्यूजीलैंड की मेजबानी। न्यूजीलैंड यहां तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगा। दौरे की शुरुआत 1...और पढ़ें
By Sameer DeshpandeEdited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Wed, 07 Dec 2022 08:34:26 AM (IST)Updated Date: Wed, 07 Dec 2022 08:43:34 AM (IST)

Ind-NZ Series: कपीश दुबे, इंदौर। नए साल पर शहर के क्रिकेट प्रशंसकों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दावत मिलेगी। भारत दौरे पर आने वाली न्यूजीलैंड टीम शहर के होलकर स्टेडियम में 24 जनवरी को वनडे मैच खेलेगी। यह वनडे सीरीज का निर्णायक मैच होगा। इससे पहले दो मैच हैदराबाद और नागपुर में होंगे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) की दौरा एवं कार्यक्रम निर्धारण समिति की बैठक मंगलवार को हुई। इसमें न्यूजीलैंड दौरे को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरे पर तीन वनडे और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेले जाएंगे। सीरीज के कार्यक्रम की अभी आधिकारिक घोषणा शेष है। बीसीसीआइ से जुड़े सूत्रों के अनुसार वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 18 जनवरी को हैदराबाद में जबकि दूसरा 21 जनवरी को नागपुर में होगा। इंदौर में 24 जनवरी को तीसरा व निर्णायक वनडे खेला जाएगा।
27 जनवरी से शुरू होगी टी-20 सीरीज
वनडे के बाद टी-20 सीरीज शुरू होगी। इसके मैच 27 जनवरी को रांची में, 29 जनवरी को लखनऊ में और एक फरवरी को अहमदाबाद में होंगे। उल्लेखनीय है कि बीसीसीआइ की रोटेशन नीति के तहत इंदौर में इसी साल वनडे मैच होना था, मगर मेजबान मप्र क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) एक साथ दो मैच की मेजबानी करने का इच्छुक नहीं था, जिसे देखते हुए इसे अगली सीरीज के लिए बढ़ा दिया गया था।
इतिहास के पन्ने से : होलकर स्टेडियम में कभी वनडे नहीं हारा भारत
होलकर स्टेडियम में भारत ने पांच वनडे मैच खेले हैं। इनमें से कोई भी मैच भारत नहीं हारा है। इस दौरान न्यूजीलैंड टीम कभी वनडे खेलने नहीं आई। हालांकि होलकर स्टेडियम का पहला टेस्ट खेलने न्यूजीलैंड की टीम ही भारत आई थी। यह मैच वर्ष 2016 में आठ से 11 अक्टूबर तक खेला गया था। भारत ने मुकाबला 321 रनों से जीता था। अब न्यूजीलैंड होलकर स्टेडियम में पहली बार वनडे मैच खेलने आएगी।
वनडे सीरीज : भारत और न्यूजीलैंड का होगा मुकाबला
पहला मैच : 18 जनवरी को हैदराबाद में
दूसरा मैच : 21 जनवरी को नागपुर में
निर्णायक मैच : 24 जनवरी को इंदौर में
होलकर स्टेडियम में अब तक खेले गए वनडे मैच
मैच विजेता जीत का अंतर तारीख
भारत बनाम इंग्लैंड भारत सात विकेट 15 अप्रैल, 2006
भारत बनाम इंग्लैंड भारत 54 रन 17 नवंबर, 2008
भारत बनाम वेस्टइंडीज भारत 153 रन आठ दिसंबर, 2011
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका भारत 22 रन 14 अक्टूबर, 2015
भारत बनाम आस्ट्रेलिया भारत पांच विकेट 24 सितंबर 2017