
T20 World Cup, ENG vs SL: शनिवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए अहम मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को चार विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया की टीम आईसीसी टी20 विश्व कप-2022 से बाहर हो गई है। ग्रुप-1 में इंग्लैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन गई है। उससे पहले न्यूजीलैंड अंतिम-4 में जगह पक्की करने में सफल रही थी। इंग्लैंड की इस जीत ने मौजूदा विजेता और मेजबान ऑस्ट्रेलिया को ही इस विश्व कप से बाहर कर दिया है।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकी और 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 141 रन ही बना पाई। श्रीलंका की तरफ से सलामी बल्लेबाज पाथुम निसंका ने शानदार पारी खेली और 67 रन बनाए। निसंका ने कुशल मेंडिस के साथ पहले विकेट के लिए चार ओवरों में 39 रन जोड़े। लेकिन चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर मेंडिस आउट हो गए। इसके बाद श्रीलंकाई टीम संभल नहीं सकी और लगातार विकेट खोती रही। दूसरी ओर, निसंका एक छोर पर खड़े रहे और रन बनाते रहे। श्रीलंका की टीम 8 विकेट खोकर 141 रन ही बना सकी।
इंग्लैंड ने 141 रनों के आसान से स्कोर को छह विकेट खोकर एक गेंद पहले हासिल कर लिया। इस मैच में हालांकि इंग्लैंड को जीत आसानी से नहीं मिली। वैसे इंग्लैंड ने ठोस शुरुआत की। कप्तान जॉस बटलर और एलेक्स हेल्स ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए आधे रन तो सात ओवरों में ही जोड़ दिए। अच्छी शुरुआत के बाद इंग्लैंड की टीम ने कुछ विकेट लगातार खो दिए और उसकी जीत पर संशय बना रहा। धनंजय डि सिल्वा ने 28 रन बनाने वाले बटलर को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद हेल्स पर काफी कुछ निर्भर था। लेकिन वह अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 47 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद बेन स्टोक्स ने अंत तक लड़ाई लड़ी और इंग्लैंड को जीत दिलाई।