
ICC T20 World Cup, IND vs ZIM: रविवार को टी20 वर्ल्ड कप के तीन अहम मुकाबले होने हैं। उनमें से एक है भारत और जिम्बाब्वे का मैच। भारत ने बांग्लादेश को हराकर प्वाइंट टेबल में टॉप पोजिशन हासिल कर ली है, लेकिन अभी सेमीफाइनल में उसका स्थान पक्का नहीं हुआ है। पाकिस्तान, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका इस रेस में अभी भी बने हुए हैं। गुरुवार को पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर कई टीमों के लिए सेमीफाइनल मं पहुंचने का रास्ता खोल दिया है। ऐसे में भारत के लिए सुपर 12 के इस आखिरी मैच को जीतना काफी अहम है। अगर भारत, जिम्बाब्वे के खिलाफ जीतता है, तभी सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की हो पाएगी। लेकिन इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान बारिश ने लगातार बाधा पहुंचाई है। ऐसे में अगर ये मैच बारिश से धुल गया, तो भारत के क्या विकल्प बचेगा?
फिलहाल भारत के 6 अंक हैं और वह अपने ग्रुप में नंबर 1 पोजिशन पर है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका 5 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर और 4 अंकों के साथ पाकिस्तान तीसरे स्थान पर है। अगर भारत और जिम्बाब्वे का मैच बारिश में धुल गया, तो भारत को 1 अंक मिलेंगे और उसके कुल अंक 7 हो जाएंगे। अब दूसरी टीमों की स्थिति पर भी नजर डालते हैं।
दूसरे नंबर पर मौजूद दक्षिण अफ्रीका को अगला मैच नीदरलैंड्स से खेलना है। अगर वो मैच जीत जाता है, तो 7 अंकों के साथ (बेहतर रन रेट के आधार पर) वह ग्रुप में टॉप पोजिशन पर पहुंच जाएगा। उनकी जीत के साथ ही पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे। क्योंकि ऐसी स्थिति में साउथ अफ्रीका और भारत दोनों के पास 7 अंक होंगे।
लेकिन दक्षिण अफ्रीका अगर हार गया, तो उसके 5 अंक रह जाएंगे और पाकिस्तान और बांग्लादेश में से किसी एक के सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता खुल जाएगा। रविवार को बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मैच है। जो टीम जीतेगी उसके 6 अंक हो जाएंगे। और वो टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप मैचों में बारिश को लेकर कोई रिजर्व डे नहीं है। केवल सेमीफाइनल और फाइनल में बारिश की स्थिति में रिजर्व डे का प्रावधान है।