
ICC T20 World cup 2022, IND vs ZIM : रविवार को मेलबोर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारत, जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर-12 का आखिरी मैच खेलनेवाला है। इस मैच के साथ ही कप्तान रोहित शर्मा के पास इतिहास रचने का शानदार मौका है। अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने जीत दर्ज की, तो रोहित शर्मा एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने वाले कप्तान बन जाएंगे। फिलहाल रोहित शर्मा पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम के साथ बराबरी पर हैं। लेकिन इस मैच में जीत के साथ ही वो उनका वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ नया इतिहास रच सकते हैं। बाबर आजम ने यह रिकॉर्ड 2021 में बनाया था।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले रोहित शर्मा ने 17 जीत दर्ज कर रखी थी। भारत ने इस टूर्नामेंट के पहले मैच में पाकिस्तान को हराया और इसके बाद नीदरलैंड्स को धूल चटाई। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ जीत के साथ रोहित शर्मा के नाम तीन मैचों में जीत दर्ज हो चुकी है। अब 20 मैचों में जीत के साथ रोहित शर्मा ने बाबर आजम की बराबरी कर ली है। अगली जीत के साथ ही रोहित शर्मा एक कैलेंडर इयर में सबसे ज्यादा मैचों में जीत दर्ज करनेवाले कप्तान बन जाएंगे।
इसके अलावा रोहित शर्मा के पास टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल (965) को भी पछाड़ने का मौका है। 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाले रोहित शर्मा के नाम इस टूर्नामेंट में 921 रन दर्ज है। अगर वह जिम्बाब्वे के खिलाफ 45 रन बनाते हैं तो वह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। इस सूची में उनके ऊपर विराट कोहली (1065) और महेला जयवर्धने (1016) हैं।