
विराट कोहली की गिनती देश के महान क्रिकेटरों में होती है। अंडर-19 टीम से होते हुए विराट कोहली ने नेशनल टीम में जगह बनाई और आज क्रिकेट के हर फॉर्मेट में उनके आंकड़े इस बात की गवाही है कि इस बल्लेबाज का प्रदर्शन कितना शानदार रहा है। विराट ने टेस्ट, वनडे से लेकर टी-20 तक में रनों की फसल खड़ी की। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं माही के रिटायरमेंट के बाद टीम इंडिया की कप्तानी संभाली। विराट की छवि एक आक्रामक क्रिकेटर की रही है। हालांकि हर क्रिकेटर की तरह विराट के करियर में भी उतार-चढ़ाव आए हैं, लेकिन इस खिलाड़ी ने हर हालात में फाइट की है और वापसी करने में सफल रहा है।
क्रिकेट मैदान के साथ ही मैदान के बाहर भी विराट अक्सर चर्चा में रहता है। वे सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं। अपनी बॉलीवुड एक्ट्रेस पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी के साथ इमेज शेयर करते रहते हैं। विराट की फैन फालोइंग भी जबरदस्त है। उनकी हर बात, हर एक्शन को फैन्स बारीकी से सुनते और देखते हैं।
आईपीएल 2023 के एक मैच के दौरान विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों की 100-100 फीसदी मैच फीस काट ली गई।