यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
US Firing News: कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा में गोलीबारी, मासूम बच्चे सहित 6 लोगों की मौत
US Firing News अमेरिका में बीते 24 घंटे में गोलीबारी की 3 घटनाएं हो चुकी है। सोमवार को कैलिफोर्निया के एक घर पर फायरिंग हुई
By Sandeep ChoureyEdited By: Sandeep Chourey
Publish Date: Tue, 17 Jan 2023 09:33:58 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Jan 2023 09:38:57 AM (IST)

US Firing News । अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है। यहां फोर्ट पियर्स में मार्टिन लूथर किंग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अचानक गोलीबारी की घटना में करीब 8 लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में मीडिया को जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक फोर्ट पियर्स के इलौस एलिस पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था और इस दौरान बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे। कार्यक्रम में लाइव म्यूजिक, बच्चों के लिए कई तरह के खेलों का भी आयोजन किया जा रहा था। तभी यहां गोलीबारी की घटना में 8 लोग घायल हो गए।
गोलीबारी की वजह अभी पता नहीं
पुलिस के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी क्यों हुई है, इस बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है। इस घटना से जुड़ी अन्य जानकारी पुलिस पता लगा रही है। गोलीबारी में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमेरिका में 24 घंटे में गोलीबारी की दो वारदात
अमेरिका में बीते 24 घंटे में गोलीबारी की 3 घटनाएं हो चुकी है। सोमवार को कैलिफोर्निया के एक घर पर फायरिंग हुई थी। गोलीबारी में 6 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर 6 लोगों को मार दिया था। मृतकों में 6 महीने का एक बच्चा भी शामिल है। इस घटना में एक ड्रग गिरोह का हाथ माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मध्य कैलिफोर्निया में हुई गोलीबारी के शिकार लोगों में 17 वर्षीय एक मां और 6 महीने का एक बच्चा है। गोशेन में हार्वेस्ट रोड के 6800 ब्लॉक में स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह 3:30 बजे के बाद गोली चलने की आवाज सुनने पर डेप्युटीज को घर पर बुलाया। मामले की जांच की जा रही है।