
ऑटो डेस्क। मारुति सुजुकी जल्द ही अपनी एंट्री लेवल हैचबैक सेगमेंट कार अल्टो 800 का फेसलिफ्ट एडिशन लॉन्च करने वाली है। पिछले कुछ दिनों में इस कार की कई तस्वीरें इंटरनेट पर लीक हुई हैं।
माना जा रहा है कि यह कार मई महीने में ही लॉन्च की जाएगी। इन तस्वीरों को देखने से यह तो पता चलता है कि कार के फ्रंट डिजाइन में बदलाव किया गया है।
नई हेडलाइट, येलो लैंस टर्न इंडिकेटर, छोटा फ्रंट ग्रिल और नया बम्पर लगाया गया है। हालांकि, कार के रियर और साइड प्रोफाइल में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
फेसलिफ्ट वर्जन में फ्रंट पावर विंडो और ऑडियो हेड यूनिट के साथ यूएसबी, एयूएक्स कनेक्टिविटी की सुविधा दी गई है। लेकिन सीडी प्लेयर नहीं लगाया गया है।
फेसलिफ्ट एडिशन के इंजन में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। कार में अल्टो 800 वाला 796 सीसी, 3-सिलिंडर का पेट्रोल इंजन लगा है।
हालांकि इंटीरियर में बताए गए फीचर्स कार के वीएक्सआई मॉडल में लगाए गए हैं। एलएक्सआई वेरिएंट के इंटीरियर में इन फीचर्स के होने की कोई जानकारी नहीं है।
कीमत की बात करें, तो ऐसी संभावना है कि अल्टो 800 के दाम में 5000 रुपए से लेकर 10000 रुपए तक की बढ़ोतरी की जा सकती है।
अभी यह कार रेनां की क्विड और टाटा टियागो को कड़ी टक्कर दे रही है। फेसलिफ्ट एडिशन के बाद यह मुकाबला और भी बढ़ सकता है।