ईपीएफओ के आधिकारिक चैनल से पीएफ और पेंशन से जुड़ी हर अपडेट अब सीधे व्हाट्सएप पर, दो लाख के पार पहुंचे मेंबर्स
खास बात यह है कि इस चैनल से जुड़ने वाले सदस्यों का आंकड़ा अब दो लाख के पार पहुंच चुका है।
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 09:07:19 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 09:08:20 PM (IST)
HighLights
- व्हाट्सएप पर मिलेंगे ईपीएफओ के बड़े अपडेट
- कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों को राहत
- चैनल से जुड़ने की आसान प्रक्रिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नौकरीपेशा वर्ग के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने एक बेहद उपयोगी और सुविधाजनक पहल की शुरुआत की है। अब पीएफ खाते, पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी जानकारियों के लिए कर्मचारियों को अलग-अलग प्लेटफार्म्स पर भटकने की आवश्यकता नहीं है।
आधिकारिक चैनल लॉन्च
ईपीएफओ ने वाट्सएप पर अपना आधिकारिक चैनल लॉन्च कर दिया है, जिसके माध्यम से कर्मचारी घर बैठे अपने मोबाइल पर संगठन की नई घोषणाओं, नियमों और योजनाओं की सटीक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस चैनल से जुड़ने वाले सदस्यों का आंकड़ा अब दो लाख के पार पहुंच चुका है।
चैनल पर मिलती हैं यह जानकारियां
- ईपीएफ, ईपीएस और ईडीएलआई अपडेट: कर्मचारी भविष्य निधि, कर्मचारी पेंशन योजना और कर्मचारी जमा संबद्ध बीमा योजना से जुड़े तमाम नियम और दिशा-निर्देश।
- पीएफ एडवांस और रोजगार योजनाएं: पीएफ खाते से एडवांस पैसे निकालने की पूरी प्रक्रिया, नई नौकरी शुरू होने पर पीएफ योगदान के नियम और प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से जुड़े महत्वपूर्ण विषय।
- महत्वपूर्ण तिथियां और शिविर: संगठन की नई पहल, समय-सीमा से जुड़े अपडेट और कर्मचारियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आयोजित किए जाने वाले निवारण शिविरों की जानकारी। चैनल पर केवल लिखित घोषणाएं ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों की सुविधा के लिए उपयोगी वीडियो और ज्ञानवर्धक सामग्री भी साझा की जाती है, जिससे श्रमिक और कर्मचारी घर बैठे प्रक्रियाएं समझ सकें।
नियोक्ताओं के लिए भी राहतभरे अपडेट
इस वाट्सएप चैनल के माध्यम से केवल कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि नियोक्ताओं को भी समय पर जरूरी अपडेट मिलते हैं। उदाहरण के लिए, ईपीएफओ द्वारा सितंबर के इलेक्ट्रानिक चालान-कम-रिटर्न को जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दिया गया है, जिसकी समय पर सूचना संबंधित पक्षों तक पहुंचाई जाती है। इस रिटर्न में कर्मचारियों के वेतन के साथ-साथ पीएफ, पेंशन और बीमा योगदान का पूरा विवरण दर्ज होता है।
क्या वाट्सएप से सीधे निकाला जा सकता है पीएफ का पैसा
यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि ईपीएफओ का यह वाट्सएप चैनल केवल सूचनाएं, मार्गदर्शन और जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराने का माध्यम है। इसके जरिए सीधे तौर पर पीएफ का पैसा आनलाइन निकालने, पेंशन के लिए आवेदन करने या बीमा संबंधी दावों को पूरा करने की सुविधा नहीं मिलती है। किसी भी प्रकार के वित्तीय दावे, निकासी या आधिकारिक प्रक्रिया को पूरा करने के लिए सदस्यों को आधिकारिक पोर्टल, उमंग ऐप या अपने नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय का ही उपयोग करना होगा।
इस तरह आसानी से जुड़ें आधिकारिक चैनल से
- सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में वाट्सएप खोलें और नीचे दिए गए अपडेट्स सेक्शन में जाएं।
- इसके बाद चैनल के विकल्प के आगे दिए गए एक्सप्लोर पर क्लिक करें।
- अब ऊपर दिए गए सर्च बाक्स में ईपीएफओ टाइप करें।
- संगठन के आधिकारिक और वेरिफाइड चैनल को पहचान कर उसके सामने दिए गए फालो बटन पर क्लिक करें।
- चैनल से जुड़ने के बाद आपको ईपीएफओ की तरफ से आने वाले सभी लेटेस्ट अपडेट्स सीधे आपके फोन पर मिलने लगेंगे।