
बिजनेस डेस्क। धनतेरस से पहले सराफा बाजार में आई भारी गिरावट ने खरीदारों के चेहरों पर चमक ला दी है। जनवरी 2026 में 1,82,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड शिखर पर पहुंचा 24 कैरेट सोना अब गिरकर 1,41,700 रुपये पर आ गया है। यानी अपने उच्चतम स्तर से सोना करीब 41 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है। वहीं चांदी भी जनवरी के 3,49,500 रुपये प्रति किलो के मुकाबले भारी गिरावट के साथ 1,80,200 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। दामों में आई इस बड़ी नरमी के बाद शहर के करीब 250 सराफा शोरूम्स में ग्राहकों की चहल-पहल लौट आई है और कम वजन के गहनों, सिक्कों व बिस्किट की मांग तेजी से बढ़ रही है।
बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर की चाल, मुनाफावसूली और ब्याज दरों में बदलाव का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ा है। इस गिरावट ने उन मध्यमवर्गीय परिवारों को खरीदारी का बेहतरीन मौका दिया है, जो लंबे समय से बजट बिगड़ने के कारण इंतजार कर रहे थे। बाजार में 1 ग्राम तक के सिक्के और बिस्किट उपलब्ध होने से छोटे बजट वाले ग्राहक भी धनतेरस की शुभ खरीदारी आसानी से कर पा रहे हैं।
खरीदारी का सबसे मुफीद समय (श्रीकांत पांडेय, महासचिव, सराफा एसोसिएशन): ऊंचे दामों के कारण जिन लोगों ने अपनी खरीदारी टाल रखी थी, वे अब तेजी से बाजार का रुख कर रहे हैं। दामों में आई इस गिरावट से ग्राहकों का बजट पूरी तरह अनुकूल बैठ रहा है। धनतेरस पर ग्राहक अपनी क्षमतानुसार गहने या सिक्के खरीद सकते हैं।
हल्के वजन में आकर्षक डिजाइन (रौनक साव, सचिव, सराफा एसोसिएशन): इस बार रोजमर्रा में पहनने लायक हल्की चेन, पेंडेंट, बारीक अंगूठियां, टॉप्स और कंगन ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं। कम वजन में शानदार वैरायटी मिलने से ग्राहक बजट में रहकर फैशनेबल ज्वेलरी खरीद पा रहे हैं।
पक्का बिल और हॉलमार्क जरूर जांचें (मनोज शाह, डायरेक्टर, शाह जवाहरलाल जेठालाल ज्वेलर्स): ग्राहक सिर्फ ऑनलाइन स्क्रीन पर दिख रहे भाव पर भरोसा न करें। दुकान पर पहुंचकर उस दिन का भाव, मेकिंग चार्ज और 3 प्रतिशत जीएसटी की स्पष्ट जानकारी लें। आभूषण लेते समय हॉलमार्क और छह अंकों के एचयूआईडी (HUID) नंबर की जांच करें तथा वजन व रिटर्न शर्तों वाला पक्का बिल ही लें।
बिलासपुर में चांदी के भाव (प्रति किलोग्राम)