
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। लगभग 45 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला भारत का पड़ोसी देश नेपाल इस समय प्राकृतिक आपदा और भारी तबाही का सामना कर रहा है। बाढ़ के कारण लगातार जान-माल का नुकसान हो रहा है। इस संकट के बीच नेपाल के सबसे धनी व्यक्ति और वहां के 'मुकेश अंबानी' कहे जाने वाले उद्योगपति बिनोद चौधरी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
नेपाल के इकलौते अरबपति बिनोद चौधरी बहुराष्ट्रीय कंपनी 'सीजी कॉर्प ग्लोबल' के प्रमुख हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 2.1 अरब डॉलर (लगभग 20 हजार करोड़ रुपये) है। उनकी मुख्य आय और व्यावसायिक ताकत नबिल बैंक में नियंत्रणकारी हिस्सेदारी और खाद्य सामग्री बनाने वाली शाखा 'सीजी फूड्स' से आती है।
बिनोद चौधरी के स्वामित्व वाले सीजी ग्रुप की नींव 1870 के दशक में उनके पूर्वज भूरमल चौधरी ने एक कपड़ा व्यवसाय के रूप में रखी थी। इस लिहाज से यह समूह भारत की शीर्ष कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (स्थापना 1958) से भी अधिक पुराना है। वर्ष 1968 में बिनोद चौधरी ने इस पारिवारिक व्यवसाय की कमान संभाली और इसे एक आधुनिक वैश्विक व्यापारिक साम्राज्य में बदल दिया। आज इस समूह का दायरा दुनिया के 32 से अधिक देशों तक विस्तृत है, जिसके अंतर्गत 202 से ज्यादा कंपनियां और 261 से अधिक ब्रांड्स संचालित हो रहे हैं।
सीजी ग्रुप का व्यवसाय केवल खाद्य पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि होटल-रिसॉर्ट, रियल एस्टेट, वित्तीय सेवाओं, इलेक्ट्रॉनिक्स, सीमेंट, शिक्षा और जलविद्युत जैसे अनेक क्षेत्रों में फैला हुआ है। हालांकि, भारत में इस ग्रुप की सबसे बड़ी पहचान इसका लोकप्रिय इंस्टेंट नूडल्स ब्रांड 'वाई-वाई' (Wai Wai) है। थाईलैंड की यात्राओं के दौरान नूडल्स की मांग को भांपकर बिनोद चौधरी ने इसे तैयार करने का निर्णय लिया था। आज भारतीय इंस्टेंट नूडल्स बाजार में वाई-वाई की लगभग 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसे स्नैक और सूप दोनों रूपों में पसंद किया जाता है।
यह भी पढ़ें- 30 लाउंज एंट्री और फ्री स्टे और रिवॉर्ड्स... हवाई यात्रा करने वालों के लिए देखें 3 शानदार Credit Card