
विवेक बाफना, नईदुनिया, रतलाम : नौ माह पहले तेजी के तूफान पर सवार होकर आसमान छू रहे सोना-चांदी के भाव अब बड़ी गिरावट के साथ पुराने स्तरों की ओर लौटने लगे हैं। जनवरी 2026 में चार लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच चुकी चांदी मंगलवार को रतलाम के हाजर कारोबार में 2.13 लाख रुपये पर आ गई, जबकि 1.82 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर पहुंचा सोना 1.47 लाख रुपये पर कारोबार करता रहा।
जनवरी की तुलना में चांदी करीब 1.87 लाख रुपये प्रति किलो और सोना लगभग 35 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है। कीमतों में इस अप्रत्याशित गिरावट ने ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले कारोबारियों और निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। दूसरी ओर, आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहे निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिली है। हालांकि दीपावली नजदीक होने के बावजूद सराफा बाजार में अपेक्षित ग्राहकी नहीं है। ग्राहक भाव और नीचे आने की उम्मीद में खरीदारी टाल रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच सोमवार के मुकाबले मंगलवार को भी दोनों कीमती धातुओं के भाव में कमजोरी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना करीब 1.46 से 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.09 से 2.10 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पाट गोल्ड 4111.71 से 4147.08 डालर प्रति औंस और स्पाट सिल्वर 56.3860 से 57.6400 डालर के बीच कारोबार करती रही।
जनवरी में तेजी का आलम यह था कि चांदी पांच लाख रुपये प्रति किलो और सोना दो लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार जाता दिखाई दे रहा था। अब गिरावट ने बाजार के पुराने अनुमानों को उलट दिया है। जानकार आगामी दिनों में चांदी के दो लाख रुपये और सोने के एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे आने की संभावना भी जता रहे हैं। हालांकि कीमतों की अगली दिशा अंतरराष्ट्रीय बाजार की चाल और आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी।
रतलाम में मंगलवार को हाजर कारोबार में सोना 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.13 लाख रुपये प्रति किलो रही। बिल कारोबार में सोने का भाव 148800 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का 214000 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया। दोनों कारोबारों के भाव में अंतर के बीच खरीदार बाजार की चाल पर नजर बनाए हुए हैं।
सराफा व्यवसायी शुभम मूणत के अनुसार, लगातार गिरावट के बावजूद बाजार में खरीदार बेहद कम हैं। ऊंचे भाव पर सोना-चांदी खरीदने वाले कारोबारी और निवेशक नुकसान के बीच तेजी लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। दूसरी ओर आम ग्राहक मौजूदा गिरावट से राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन तत्काल खरीदारी के बजाय और सस्ते भाव का इंतजार कर रहे हैं। कीमतों में लगातार बदलाव के कारण बाजार की दिशा का अनुमान लगाना मुश्किल हो गया है।
सराफा व्यवसायी ऋषभ संघवी और प्रतीक जैन के अनुसार नवरात्र समाप्त होने के बाद दीपावली की तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन त्योहारी सीजन में भी मांग अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। कमजोर ग्राहकी के बीच कीमतों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। अक्टूबर 2025 में चांदी 1.46 से 1.82 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.20 से 1.32 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच रहे थे।
गत दीपावली पर मुहूर्त में चांदी 1.60 लाख रुपये और सोना 1.30 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम खुला था। इस बार कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद खरीदारों की प्रतीक्षा बनी हुई है। ऊंचे भाव पर निवेश करने वालों को तेजी लौटने की उम्मीद है, जबकि आम ग्राहकों की नजर अब इस बात पर है कि दीपावली से पहले सोना-चांदी के भाव और कितने नीचे जाते हैं।